CM ममता बनर्जी ने संविधान दिवस पर बाबा साहब आंबेडकर को दी श्रद्धांजलि

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने संविधान निर्माता डॉक्टर भीम राव आंबेडकर को सोमवार को श्रद्धांजलि दी और कहा कि पवित्र पुस्तक की भावना की रक्षा करने की जिम्मेदारी हर नागरिक की है.

बनर्जी ने सोमवार को ट्वीट किया, ‘‘आज संविधान दिवस है. डॉ बी आर आंबेडकर तथा संविधान सभा के सभी अन्य सदस्यों को श्रद्धांजलि जिन्होंने हमारे लोकतंत्र की पवित्र पुस्तक-संविधान को आकार दिया.’’ उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा कि हमें अपने संविधान- संप्रभुता, समाजवाद, धर्मनिरपेक्षता, लोकतांत्रिक गणराज्य, न्याय, स्वतंत्रता, भाईचारा, और समानता के भाव को सुरक्षित करने के लिये हरसंभव प्रयास करना चाहिए.

गौरतलब है कि 2015 में केन्द्र सरकार ने 26 नवम्बर को संविधान दिवस के रूप में मनाए जाने की घोषणा की थी जिसके बाद इस दिन को प्रति वर्ष संविधान दिवस के रूप में मनाया जाता है.

संवैधानिक नैतिकता स्पष्ट रूप से परिभाषित हो- रविशंकर प्रसाद
संविधान दिवस पर कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा संवैधानिक नैतिकता स्पष्ट रूप से परिभाषित होनी चाहिए यह अलग अलग न्यायाधीश के हिसाब से भिन्न नही हो सकती. राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 26/11 हमले को याद करते हुए कहा कि निर्दोष नागरिक मारे गए, उनके परिवारों को तकलीफ उठानी पड़ी ऐसे में हमें ऐसी स्थिति से लोगों को बचाना है.

राष्ट्रपति ने की सीजेआई की तारीफ
राष्ट्रपति ने सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसलों की प्रति हिन्दी में उपलब्ध कराने के मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई के प्रयास की सराहना करते हुए ये भी कहा कि वे उम्मीद करते हैं कि हाईकोर्ट भी अगले वर्ष तक फ़ैसले क्षेत्रीय भाषा मे उपलब्ध करा देंगे. राष्ट्रपति ने कहा कि पॉलिटिकल जस्टिस सिर्फ निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव व सभी को मताधिकार हक देने भर से पूरा नहीं हो जाता बल्कि चुनाव प्रचार के ख़र्च मे पारदर्शिता लाना भी पालिटिकल जस्टिस का एक उदाहरण है जो कि सरकार करने का प्रयास कर रही है.

Back to top button