लघु-सूक्ष्म-मध्यम उद्योगों के लिए CM मनोहर लाल ने की ये बड़ी घोषणा

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) को बढ़ावा देने के लिए सरकार 31 जनवरी 2019 तक नई पॉलिसी लेकर आएगी। इसमें यह ध्यान रखा जाएगा कि एमएसएमई की अभी तक की पॉलिसी में आने वाली समस्याओं और चुनौतियों को पूरी तरह से दूर कर दिया जाए। इसके लिए अन्य प्रदेशों की पॉलिसी भी देखी जा रही है। उद्यमियों से सुझाव मांगे जा रहे हैं, ताकि देश में सबसे बेहतर हरियाणा की पॉलिसी रहे।लघु-सूक्ष्म-मध्यम उद्योगों के लिए CM मनोहर लाल ने की ये बड़ी घोषणा

दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय मुरथल के सभागार में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग सहयोग एवं संपर्क कार्यक्रम में सीएम मनोहर लाल ने कहा कि छोटी इकाईयों को इस महीने से 20 किलोवाट तक के बिजली कनेक्शन के बिल पर 2 रुपये प्रति यूनिट की छूट मिलने लगेगी। इससे उनका 4.75 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से बिल आएगा।

सीएम ने कहा कि सरकारी नौकरी ज्यादा नहीं होने के कारण युवाओं को प्राइवेट सेक्टर की ओर कदम बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक लाख एमएसएमई हैं, जिनमें से 80 हजार रजिस्टर्ड हैं। एक लाख एमएसएमई में 8-10 लाख युवाओं को रोजगार मिला है। सीएम ने कहा कि चूंकि एमएसएमई अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, इसलिए इनकी समस्याओं को प्राथमिकता से दूर किया जाएगा।

केंद्र सरकार के 100 दिन कार्यक्रम के तहत हरियाणा के चार कलस्टरों को चुना है, जिनमें सोनीपत को फूड प्रोसेसिंग, पानीपत को हैंडलूम, मानेसर व फरीदाबाद को ऑटो मोबाइल में शामिल किया गया है। एमएसएमई की समस्याएं खत्म करने के लिए समाधान काउंसिल का गठन किया गया है, जिसके माध्यम से करीब 1100 मामलों का निपटारा करते हुए 544 करोड़ रुपये की राशि एमएसएमई के लिए दी गई है।

इस तरह कलस्टर डेवलपमेंट स्कीम लागू की गई है, जिसमें 70 प्रतिशत राशि केंद्र प्रदान करेगा तो 20 प्रतिशत प्रदेश सरकार देगी और अन्य खुद वहन करनी होगी। दो करोड़ रुपये तक के टर्न ओवर वाले एमएसएमई के लिए मिनी कलस्टर डेवलपमेंट योजना तैयार है। इस दौरान मंत्री कविता जैन, सांसद रमेश कौशिक, नीति आयोग की संयुक्त सचिव सुमिता मिश्रा, सीएम मीडिया सलाहकार राजीव जैन आदि मौजूद रहे।

केएमपी का 10 नवंबर को पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन

सीएम मनोहर लाल ने बताया कि केएमपी एक्सप्रेस वे का सरकार जल्द ही उद्घाटन करेगी। इसके लिए 10 नवंबर की तारीख तय कर दी गई है। केएमपी का उद्घाटन पीएम नरेंद्र मोदी अपने कार्यालय से वीडियो कांफ्रेंसिंग से करेंगे। उस दिन सभी सात टोल प्लाजा पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिन पर सरकार के मंत्री मौजूद रहेंगे। मुख्य कार्यक्रम में सीएम खुद मौजूद रहेंगे। इसकी रूपरेखा तैयार की जा रही है। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के हरियाणा में पराली जलाने के कारण प्रदूषण फैलने के आरोप पर सीएम ने कहा कि दिल्ली में पराली जलाने के मामले बढ़े हैं तो हरियाणा में कम हुए हैं। इसलिए उनको खुद देखना चाहिए।

एमएसएमई में चुने कलस्टरों की पीएम खुद करेंगे मॉनीटरिंग
केंद्र सरकार की एमएसएमई के लिए शुरू की गई 100 दिन योजना के तहत वीडियो कांफ्रेंसिंग के सहारे पीएम नरेंद्र मोदी का पूरा कार्यक्रम उद्यमियों को दिखाया गया। पीएम मोदी ने एमएसएमई को राहत देने वाली कई घोषणाएं कीं तो पानीपत के हैंडलूम उद्योग को काफी सराहा है। एमएसएमई की योजना में चुने गए प्रदेश के चारों कलस्टरों की पीएम खुद मॉनीटरिंग करेंगे। अपने संबोधन में पीएम ने कहा है कि वह खुद इनकी मॉनीटरिंग करेंगे।

Back to top button