सीएम खट्टर ने कहा- देवीलाल किसानों के मसीहा थे, मैं उनका प्रशंसक हूं

डबवाली (सिरसा)। चौटाला के गढ़ में राजनीति की पिच पर मनोहर लाल ने चौधरी देवीलाल को किसानों का मसीहा बताकर मास्टर स्ट्रॉक लगाया। उन्होंने कहा कि मैं चौ. देवीलाल का प्रशंसक हूं। अपनी राजनीति के समय वे चाहते थे मेरे विचार दूर-दूर तक फैले। चार बेटे थे। मगर उनके जाने के बाद उनकी वसीयत, हैसियत व वरीयत को एक ही बेटे ने कब्जा लिया। वे डबवाली अनाज मंडी में जिए जवान, जिए किसान रैली को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इस तरह रैली अध्यक्ष व पूर्व उपप्रधानमंत्री स्व. देवीलाल के पौत्र आदित्य को उनका वारिस घोषित करने में कसर नहीं छोड़ी।

वे कहते थे राज नहीं चलाना आता, मेरे मंत्री-विधायकों पर नहीं भ्रष्टाचार के आरोप

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि विपक्षी उल्टे-सीधे आरोप लगाते हैं। वे कहते हैं हमें राज चलाना नहीं आता। वे अनुभवहीन कहते हैं। मैं कहता हूं थारै से बढिय़ा चलाकर दिखाया है। पहले जो काम 100 करोड़ में होता था, हमने 85 करोड़ में करके दिखाया है। शेष बचे 15 करोड़ से अन्य विकास कार्य किए हैं। भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई है। मैं कहता हूं गलत काम न करेंगे, न ही करने देंगे। मैं गर्व से कह सकता हूं मेरे किसी मंत्री, विधायक पर भ्रष्टाचार के आरोप नहीं लगे।

ये लोग दांत घिसाई मांग लेते थे

मुख्यमंत्री ने राजनीतिक चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस के 10 साल से पहले इन लोगों ने पांच साल राज किया। उस समय ये लोग किसी के घर चाय पीने जाते थे। चाय के बाद घर का मालिक उसे बाहर छोड़ने आता तो उससे दांत घिसाई मांग लेते थे, लेकिन हम सेवा के लिए राजनीति कर रहे हैं। वर्ष 2014 में सत्ता में आते ही राज पाठ को बदला। भाई-भतीजा, गुंडागर्दी, पर्ची बही, नौकरियों में सिफारिश को खत्म किया। हमने जनता को उसका अधिकार देने का काम किया।

हरियाणा का सीएम हूं, इसलिए खुशनसीब हूं

उन्होंने कहा कि मैं खुशनसीब हूं कि मुझे हरियाणा का नेतृत्व करने का मौका मिला है। देश की दो फीसद आबादी वाला राज्य तरक्की पर है। इस राज्य के 10 फीसद जवान देश की रक्षा के लिए सीमाओं पर डटे हुए हैं तो वहीं राज्य का किसान पूरे देश का पेट भरता है। यहां से खाद्यान्न एक्सपोर्ट करता है।

Back to top button