अग्निपथ योजना को लेकर बोले सीएम धामी, देशभर के नौजवानों के लिए सुनहरा मौका

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अग्निपथ के जवानों को पुलिस भर्ती में प्राथमिकता दी जाएगी। सीएम धामी ने कहा कि अग्निपथ योजना से देशभर के नौजवानों के भारतीय सेना में शामिल होने के रास्ते खुल गए हैं। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आभार जताया।
कहा कि इस योजना से जहां सैन्य ताकत को मजबूती मिलेगी, वहीं युवाओं की कौशलता और प्रतिबद्धता में भी खासा सुधार आएगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय रक्षा व्यवस्था को लेकर पिछले कुछ सालों में कई बड़े सुधार देखने को मिले हैं। अग्निपथ योजना को लागू करने का जो निर्णय लिया गया है, उससे देश के नौजवान चार साल की सेवा सेना में दे सकेंगे।
योजना से अग्निवीर तैयार किए जाएंगे। देश के नौजवान आर्म फोर्स में जा सकेंगे। उन्हें नई तकनीक से ट्रेंड किया जाएगा और देश को हाई स्किल आर्म फोर्स मिलेगी। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि अग्निवीर युवाओं को चार साल के लिए सेना में भर्ती कराया जाएगा। इस दौरान अग्निवीरों को अच्छा वेतन मिलेगा।
सेना की चार साल की नौकरी के बाद युवाओं को भविष्य के लिए अन्य अवसर दिए जाएंगे। चार साल की नौकरी के बाद सेवा निधि पैकेज मिलेगा। राज्य सरकार अग्निवीरों को पुलिस भर्ती में वरीयता देगी। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत 17 साल छह माह से 21 साल के युवा, 10 वीं और 12वीं के छात्र आवेदन कर सकेंगे।





