CM योगी बोले- राजनीति पार्टियों ने चौपट किया उद्योगनगरी कानपुर का स्वरूप, हम लाएंगे सुधार

सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कानपुर में पिछली सरकार की नीतियों को जमकर कोसा। सीएम योगी ने कहा कि बसपा, सपा-कांग्रेस ने उद्योगनगरी कानपुर का स्वरूप​ चौपट किया ​है। कानपुर का औद्योगिक रुतबा वापस लाने के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है। इसी वजह से शहर से दो उद्योग मंत्री दिए गए हैं। 

CM योगी बोले- राजनीति पार्टियों ने चौपट किया उद्योगनगरी कानपुर का स्वरूप, हम लाएंगे सुधार सीएम योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर शहर के बंद होते उद्योगों और बेरोजगारी की समस्या की बात छेड़कर कानपुर की दुखती रग पर हाथ रखने का प्रयास किया। माहौल भले ही चुनावी हो लेकिन उन्होंने भरोसा दिया कि वे और उनकी सरकार शहर का औद्योगिक रुतबा वापस लाने के लिए काम कर रही है। बहुत जल्द ही इस शहर में औद्योगिक अनुकूलता वाला माहौल दिखेगा। नई नीतियां लागू होंगी। बाहरी निवेश लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। वे बुधवार को यहां के बृजेंद्र स्वरूप पार्क में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

धीरे धीरे यहां अपराधीकरण हावी हुआ

मुख्यमंत्री ने यहां के औद्योगिक स्वरूप को नष्ट करने का आरोप सपा, बसपा और कांग्रेस की सरकारों पर मढ़ा। उन्होंने कहाकि इन तीनों सरकारों की लूटखसोट और उद्योग व व्यापार विरोधी नीतियों की वजह से न सिर्फ कानपुर, बल्कि समूचे प्रदेश का औद्योगिक स्वरूप खत्म हो गया है। लंबे इंतजार के बाद केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकारें हैं। अब वह दौर शुरू होगा जब इस शहर का उद्योग और व्यापार फले-फूलेगा। उन्होंने याद दिलाया कि एक वह दौर था जब कानपुर की पहचान देश के औद्योगिक नगर के रूप में थी। यह शहर कई प्रदेशों के लोगों के रोजगार का केंद्र था। धीरे धीरे यहां अपराधीकरण हावी हुआ। सरकारी लूटखसोट और अपराधियों के बोलबाले की वजह से उद्यमियों ने यहां से पलायन शुरू कर दिया। 
 
 
Back to top button