मुख्यमंत्री मान कैबिनेट मंत्रियों व विधायकों के साथ कर सकते हैं बैठक, सत्र को लेकर होगी चर्चा

चंडीगढ़ : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज चंडीगढ़ में कैबिनेट मंत्रियों व ‘आप’ विधायकों के साथ बैठक कर सकते हैं। इस दौरान सी.एम. की तरफ से विधायकों व कैबनिट मंत्रियों को चाय पार्टी दी जा सकती है। मुलाकात के दौरान विधानसभा सत्र के साथ-साथ कई मुद्दों पर चर्चा होगी। जानकारी के मुताबिक आज दोपहर विधायकों को आमंत्रित किया गया है, जहां विधानसभा सत्र पर चर्चा हो सकती है।
यहां यह भी बता दें कि विधायकों के साथ बैठक से पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान आज दोपहर 12 बजे किसानों के साथ बैठक कर रहे हैं। दरअसल, किसानों द्वारा अपनी मांगों को लेकर पंजाब के हाईवे जाम कर दिए गए हैं और इसके साथ ही रेलवे ट्रैक पर भी धरना दिया गया है। इसी मुद्दे पर ये बैठक हो रही है। बैठक दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री आवास पर होगी। मुख्यमंत्री ने 2 दिन पहले ही किसानों को बातचीत के लिए आमंत्रित किया था।





