देश भर में गदा लेकर घूमेगी कीवी टीम, कुछ इस अंदाज में मनाएगी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का जश्न…

न्यूजीलैंड ने जून में भारत को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल (ICC Test Championship Final) मुकाबले में मात देकर खिताब अपने नाम किया था. हालांकि कोरोना के चलते कीवी टीम स्वदेश लौटकर विजय जुलूस नहीं निकाल सकी, लेकिन अब इसे लेकर अहम फैसला लिया गया है. न्यूजीलैंड क्रिकेट ने बुधवार (7 जुलाई) को कहा कि टीम आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप गदा लेकर पूरे देश का दौरा करेगी, जो 26 जुलाई से शुरू होगा.
बता दें कि केन विलियम्सन की अगुआई में टीम ने पिछले महीने साउथम्पटन में रोमांचक मुकाबले में भारत को आठ विकेट से हराकर शुरुआती आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) डब्ल्यूटीसी फाइनल जीता था. यह न्यूजीलैंड का दूसरा आईसीसी खिताब भी था.
साउथम्प्टन मे खेले गए मुकाबले में भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 217 रन बनाए, जिसके जवाब में न्यूजीलैंड की पहली पारी 249 रन पर सिमट गई. इसके बाद टीम इंडिया ने दूसरी इनिंग में 170 रन बनाकर न्यूजीलैंड को जीत के लिए 139 रन का टारगेट दिया, जिसे न्यूजीलैंड ने 8 विकेट शेष रहते मैच अपने नाम कर लिया.
अब न्यूजीलैंड की टीम गदा लेकर दौरा 26 जुलाई से वांगारेई से शुरुआत करेगी और फिर पूरे हफ्ते में आकलैंड, तौरंगा, हैमिल्टन, न्यू प्लेमाउथ, पामर्सटन नार्थ, वेलिंगटन, क्राइस्टचर्च, डुनेडिन और इनवरकारगिल जायेगी ताकि लोगों को इस विशिष्ट ट्रॉफी के साथ फोटो खींचने के अलावा खिलाड़ियों के ऑटोग्राफ लेने और टीम पोस्टर लेने का मौका मिल जाये.
न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुख्य कार्यकारी डेविड वाइट ने कहा, ‘‘हमें काफी अनुरोध मिले कि न्यूजीलैंड के लोग टीम के साथ इस ऐतिहासिक उपलब्धि के पल को साझा करना चाहते हैं और उनके साथ जश्न का हिस्सा होना चाहते हैं. हमने काफी सोच विचार के बाद यह फैसला किया.





