CBI निदेशक आलोक वर्मा के घर के बाहर दिखे चार संदिग्ध, पुलिस कर रही पूछताछ

सीबीआई के निदेशक आलोक वर्मा के घर के बाहर चार संदिग्ध दिखे हैं। दिल्ली पुलिस सभी संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। वर्मा को कल ही छुट्टी पर भेजा गया है।CBI निदेशक आलोक वर्मा के घर के बाहर दिखे चार संदिग्ध, पुलिस कर रही पूछताछ

बताया जा रहा है कि आलोक वर्मा के घर के बाहर जो संदिग्ध दिखे उन्हें उनके पीएसओ ने पकड़ा है। शक है कि सभी संदिग्ध वर्मा पर नजर रख रहे थे। सीबीआई निदेशक आलोक वर्मा और विशेष निदेशक राकेश अस्थाना दोनों को बुधवार को छुट्टी पर भेजा गया था।

आलोक वर्मा की जगह सीबीआई के संयुक्त निदेशक एम. नागेश्वर राव को एजेंसी का अंतरिम निदेशक नियुक्त किया गया। उन्होंने अपना कार्यभार भी संभाल लिया है। हालांकि वर्मा ने इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में गुहार लगाई और कोर्ट भी इसपर सुनवाई करने के लिए तैयार हो गया है।

ये है पूरा मामला

दरअसल, सीबीआई ने अपने ही विशेष निदेशक (डायरेक्टर) राकेश अस्थाना के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उनपर एक कारोबारी सतीष बाबू सना से रिश्वत लेने का आरोप है। यह मामला मीट कारोबारी मोइन कुरैशी से जुड़ा हुआ है।

वहीं, अस्थाना ने भी पलटवार करते हुए सीबीआई निदेशक आलोक वर्मा पर रिश्वत लेने का आरोप लगाया है। बता दें कि सीबीआई के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब दो शीर्ष अधिकारी ही एक-दूसरे के खिलाफ रिश्वत लेने का आरोप लगा रहे हैं।

इस मामले में एजेंसी ने सीबीआई के डीएसपी देवेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया है। डीएसपी देवेंद्र कुमार को राकेश अस्थाना का चहेता अधिकारी माना जाता है। सीबीआई ने उनके घर पर छापा मारकर 8 मोबाइल फोन और 1 आईपैड जब्त किया है। साथ ही मोइन कुरैशी मामले से जुड़े कुछ दस्तावेज भी बरामद हुए हैं।

Back to top button