कप्तान कोहली ने इन पर फोड़ा हार का ठीकरा, बताई ये बड़ी वजह
कप्तान विराट कोहली की शानदार शतकीय पारी के बावजूद टीम इंडिया वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरा वन-डे हार गई। भारतीय टीम ने विंडीज को 43 रन से रौंदा। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने हार के बाद कहा कि कि साझेदारी न होने के कारण टीम को हार मिली। बता दें कि इस मुकाबले में विराट के अलावा कोई भी बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक रन नहीं बना सके। 
मैच के बाद कोहली ने कहा, ‘हमने अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन पहले 35 ओवर्स में विकेट में कुछ नहीं था। दूसरे हाफ में यह मुश्किल हो गई थी। हमें 250-260 तक वेस्टइंडीज को रोकना चाहिए था, लेकिन फिर भी गेंदबाजी अच्छी थी। आखिरी 10 ओवर्स में हमने थोड़े ज्यादा रन दे दिए। हम साझेदारी नहीं कर सके। वेस्टइंडीज की टीम जीत की हकदार थी। हम अपने प्लान को सही तरीके से लागू नहीं कर पाए’।
आगे उन्होंने टीम संयोजन पर बात करते हुए कहा ‘केदार जाधव और हार्दिक पांड्या के रहने से टीम के पास एक गेंदबाजी विकल्प होता है। जब हार्दिक और केदार दोनों खेलते हैं तो हमें एक अतिरिक्त गेंदबाजी विकल्प मिलता है। केदार अगले मैच से हमारे साथ जुड़ेंगे तो हमें संतुलन प्रदान करेंगे। हमें एक गेंदबाज बाहर करना होगा, लेकिन हमारे पास 6 गेंदबाजों के विकल्प मौजूद हैं।
वेस्टइंडीज ने भारत के सामने 284 रनों का लक्ष्य रखा था। जवाब में टीम इंडिया 47.4 ओवरों में 240 रन पर ही ढेर हो गई। कोहली ने इस मुकाबले में 119 गेंदों में 10 चौकों और 1 छक्के की मदद से 107 रनों की शानदार पारी खेली। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज विकेट पर नहीं टिक सका।





