BSF की बढ़ी चिंता, पाकिस्तान से सटी सीमा में बढ़ी मुस्लिम आबादी

सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने राजस्थान के जैसलमेर सीमा पर असमान्य रूप से बढ़ती मुस्लिम आबादी को लेकर अपनी चिंता जाहिर की है। इसके बारे में उसने केंद्रीय गृह मंत्रालय को भी जानकारी दी है। बीएसएफ द्वारा की गई एक स्टडी से यह बात सामने आई है कि सीमावर्ती इलाकों में मुस्लिमों में धार्मिक कट्टरता बढ़ रही है और वह अपनी पारंपरिक राजस्थानी परंपराओं की बजाए अरब की परंपराओं को ज्यादा तवज्जो दे रहे हैं। यहां रहने वाले हिंदू और मुस्लिमों ने इस बात को स्वीकार किया है कि उनके बीच बातचीत का सिलसिला कम होता जा रहा है। BSF की बढ़ी चिंता, पाकिस्तान से सटी सीमा में बढ़ी मुस्लिम आबादी

बीएसएफ ने हाल ही में सीमाई इलाकों में जनसांख्यिकी को लेकर एक स्टडी की जिसमें हैरान करने वाले नतीजे सामने आए। स्टडी में पता चला कि हेयरस्टाइल से लेकर पहनावे तक से राजस्थानी संस्कृति गायब हो चुकी है। जहां मुस्लिम समुदाय की जनसंख्या में 22-25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। वहीं दूसरे समुदायों में केवल 8-10 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। मुस्लिम आबादी की धार्मिक गतिविधियों में भी काफी इजाफा हुआ है। नमाज पढ़ने के लिए बच्चे मस्जिदों में लगातार आने लगे हैं। 

इस स्टडी ने जहां मुस्लिमों की बढ़ती आबादी को लेकर आगाह किया है वहीं राष्ट्रविरोधी गतिविधियों का कोई सबूत नहीं मिला है। इसके अलावा यहां के अल्पसंख्यक समुदाय का पाकिस्तान से कोई लगाव नहीं है। साथ ही दोनों समुदायों में अभी तक कोई परेशानियां नहीं आई हैं। वह साथ में व्यवसाय करते हैं और उनके एक-दूसरे के साथ स्नेहपूर्ण रिश्ते हैं। बीएसएफ की स्टडी में हिंदू राइटविंग के संगठनों की बढ़ती सदस्यता के बारे में भी जिक्र किया गया है जिसका मुस्लिम हमेशा से विरोध करते रहे हैं। 

रिपोर्ट में कहा गया है, ‘हिंदू राइट विंग की गतिविधियों के कारण मोहनगढ़, नाचना और पोखरण के हिंदू अपने धर्म को लेकर काफी चिंतित हो गए हैं। इन संगठनों में लोगों की हिस्सेदारी लगातार बढ़ रही है और वह धार्मिक गतिविधियों के विभिन्न क्षेत्रों में अपना विस्तार कर रहे हैं जिसमें ट्रेनिंग, मौद्रिक और शिक्षा को सांप्रदायिक समर्थन शामिल है। हालांकि किसी समुदाय के साथ सीधे कोई विवाद देखा नहीं गया है।’

इस स्टडी का नाम ‘स्टडी ऑफ डेमोग्राफिक पैटर्न इन द बॉर्डर एरिया ऑफ राजस्थान एंड इट्स सिक्योरिटी इंप्लिकेशन’ है। इसमें कहा गया है कि जैसलमेर के पोखरण और मोहनगढ़ में मौलवी लगातार आते रहते हैं खासतौर पर उत्तर प्रदेश के देवबंद से। मौलवी मुस्लिमों को कट्टरपन सिखाते हैं और उन्हें एक अलग पहचान बनाने के लिए एकजुट होने के लिए कहते हैं। जब इस बारे में बीएसएफ प्रमुख रजनीकांत मिश्रा से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि सीमावर्ती इलाकों का निरीक्षण करने के लिए अक्सर ऐसी रिपोर्ट तैयार की जाती रहती हैं।

Back to top button