नागौर.जिले में गंठिलासर के पास मंगलवार देर शाम नाकाबंदी के दौरान बोलेरो चालक ने श्रीबालाजी के थानाधिकारी पूरणमल मीना को कुचल दिया। घटना में गंभीर रूप से घायल हुए थानाधिकारी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। आरोपी बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश जारी है।
– पुलिस के अनुसार पूरणमल मीना की दिन में भगवान जंभेश्वर के मेले में ड्यूटी थी। वहां से शाम को लौटने के दौरान वे गंठिलासर के पास वाहनों को रोककर दस्तावेजों की जांच कर रहे थे। उनके साथ मौजूद जवानों ने बताया कि शाम करीब 8:45 बजे एक तेज रफ्तार बोलेरो आती हुई दिखी। जवानों ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने स्पीड कम नहीं की।
– इस पर एसएचओ पूरणमल आगे आए और बोलेरो को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन उन पर चढ़ा दिया और फरार हो गया। जवानों के अनुसार बोलेरो में 4-5 लोग सवार थे। मौके पर मौजूद जवानों ने थानाधिकारी को तुरंत नागौर के जेएलएन अस्पताल पहुंचाया।
– टक्कर से उनके सिर में चोट लगी थी और पैर भी टूट गया था। कुछ देर बाद ही उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलने के बाद एसपी परिस देशमुख, एडिशनल एसपी राजकुमार चौधरी, सीओ नागौर ओमप्रकाश गौतम, थानाधिकारी नंदराम भादू और श्रीबालाजी थाने का स्टाफ अस्पताल पहुंचे।
तीन दिन से छुट्टी पर थे, ड्यूटी ज्वाइन करते ही वारदात
थानाधिकारी पूरणमल मीना मूलत: सीकर जिले के श्रीमाधोपुर तहसील के मूंडरू के रहने वाले थे। लंबे समय तक उन्होंने अजमेर जिले में सेवाएं दी। तीन साल पहले उन्हें नागौर जिले में पोस्टिंग मिली थी। वे डेढ़ साल से श्रीबालाजी थाने में प्रभारी थे। जानकारी मिली है कि पूरणमल तीन दिन से अवकाश पर थे। उन्होंने मंगलवार को ही वापस ड्यूटी ज्वाइन की थी।