BOB की ई-कॉमर्स मार्केट में एंट्री, लोन-इंश्योरेंस लेना होगा आसान

अगर आप पब्लिक सेक्टर के बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) के ग्राहक हैं तो आपके लिए अच्छी खबर है. दरअसल, बैंक ऑफ बड़ौदा ने ई-कॉमर्स मार्केट में एंट्री करने का ऐलान किया है. बैंक की ओर से कहा गया है कि ग्राहकों को ऑनलाइन बाजार-मंच के जरिए बैंकिंग सुविधाएं दी जाएंगी. इसके तहत ग्राहकों को लोन और इंश्योरेंस भी मिल सकेगा. आसान भाषा में समझें तो घरेलू समान की तरह ग्राहक ऑनलाइन लोन या इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं ले सकेंगे.
क्या कहा बैंक ने
बैंक ऑफ बड़ौदा ने कहा, ”हम ग्राहकों की हर दिन की जरूरतों और उनकी जीवनचर्या से जुड़ी उपयोगी उत्पादों की आपूर्ति के लिए मंच तैयार करने को लेकर गंभीर हैं. इसके साथ ही अपनी ऑनलाइन डिजिटल कारोबार क्षमता को भी बढ़ाना चाहते हैं. इसको लेकर गंभीरता से काम हो रहा है.”
लगातार घट रहे डीजल के दाम, जानें पेट्रोल का हाल
बैंक ने कहा कि वह अपने ई-कॉमर्स मंच पर विभिन्न प्रकार की बैंक सेवाओं और कृषि संबंधी उत्पादों की पेशकश पर गौर करेगा. कृषि श्रेणी में बैंक का कृषि फसल कर्ज, कृषि मशीनरी, उपकरण, बीज और उर्वरकों की पेशकश का प्रस्ताव है. इसके अलावा बैंक की ओर से गोल्ड के बदले लोन और सभी प्रकार के इंश्योरेंस की सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी. वहीं सरकारी गोल्ड बांड जैसे निवेश उत्पाद समेत अन्य सेवाएं भी उपलब्ध कराने की योजना है.
इसके अलावा बीओबी ने एक टेंडर भी जारी किया है. इस टेंडर के मुताबिक बैंक डिजिटल कॉमर्शियल मंच की सप्लाई के लिए भागीदारी की तलाश कर रहा है. इस टेंडर के लिए 26 जुलाई तक रूचि पत्र जमा करना है. इसके बाद यह साफ हो जाएगा कि बैंक ऑफ बड़ौदा के साथ काम करने में किसकी दिलचस्पी है.
बता दें कि हाल ही में बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) में विजया बैंक और देना बैंक का विलय हुआ है. इस विलय के बाद बनने वाले बैंक ऑफ बड़ौदा के पास कुल 9401 बैंक शाखाएं और कुल 13432 एटीएम हो गए हैं.





