उन्नाव में किशोरी की जबरन भरी मांग विरोध करने पर जिंदा फूंका
उन्नाव। उन्नाव में महिलाओं के साथ दुर्घटनायें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। विधायक कुलदीप सेंगर के बाद शुक्लागंज में एक युवती के साथ दबंगों ने गलत हरकतें की। अब अचलगंज के नेवरना गांव निवासी गोलू दीक्षित ने पड़ाेस में रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी के घर में घुस कर पहले उसकी मांग भरी, विरोध करने पर केरोसिन उड़ेल कर उसे जिंदा फूंक दिया और बाहर से कमरे का ताला बंदकर भाग निकला। घटना से गांव में फैली सनसनी। आरोपी युवक की जून में है शादी। किशोरी द्वारा शादी का दबाव बनाने की चर्चा। पुलिस कर रही जांच।
कौशांबी में एचआइवी संक्रमित बहू पर ससुर ने फेंका तेजाब
सरायअकिल थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार रात एचआइवी संक्रमित बहू पर उसके ससुर ने तेजाब फेंक दिया। विवाहिता को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पति ने अपने पिता के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है और पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है। एसपी प्रदीप गुप्ता का कहना है कि कोई केमिकल डाला गया है, यह तेजाब नहीं है।
शादी के पांचवें साल विवाहिता गर्भवती हुई थी। सात माह पहले उसका पति डिलेवरी के लिए उसे लेकर अस्पताल पहुंचा। वहां जांच में एचआइवी संक्रमित होने की बात सामने आई। प्रसव से पहले ही गर्भस्थ शिशु की मौत भी हो गई। परिवार के लोग तनाव में थे। ऐसे में पिता ने अपने बेटे से दूसरी शादी करने के लिए कहा। हालांकि बेटे ने दूसरी शादी करने से इन्कार कर दिया। घर में विवाद होने लगा। आरोप है कि रविवार रात में ससुर ने बहू पर तेजाब फेंक दिया। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसकी हालत सोमवार शाम तक स्थिर बनी हुई थी। मामले में बेटे ने पिता के खिलाफ तहरीर दी है।





