BJP को LJP की चेतावनी-राम मंदिर और तीन तलाक NDA के लिए है खतरनाक

लोजपा ने राम मंदिर और तीन तलाक के मुद्दे को एनडीए के लिए खतरनाक बताते हुए भाजपा को चेतानवी दी है। लोजपा का मानना है कि ये दोनों मुद्दे विवादित हैं और इन्हें चुनावी मुद्दा बनाने से एनडीए को नुकसान हो सकता है।BJP को LJP की चेतावनी-राम मंदिर और तीन तलाक NDA के लिए है खतरनाक

ये बातें लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष तथा क्षेत्रीय सांसद चिराग पासवान ने शनिवार को शेखपुरा में प्रेस कांफ्रेंस में कहीं। साथ ही उन्होंने मुंगेर संसदीय सीट पर अपने दावे को भी बरकरार बताया है और कहा है कि इस सीट पर दावे को लेकर किसी सहयोगी दल से अभी औपचारिक बातचीत नहीं हुई है। अगर इस सीट के बदले कोई दूसरी सीट का प्रस्ताव आता है तो देखा जायेगा।

शनिवार को शेखपुरा सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में चिराग पासवान ने सचेत करते हुआ कहा  कि राममंदिर तथा तीन तलाक को चुनावी मुद्दा बनाये जाने से एनडीए को नुकसान हो सकता है। चिराग ने कहा कि एनडीए को विकास को चुनावी मुद्दा बनाना चाहिये। उन्होंने दावा किया कि विकास के मुद्दे पर ही एनडीए लोक सभा चुनाव के मैदान में उतरेगी।

महागठबंधन पर अपनी राय देते हुए चिराग ने कहा कि उसमें जितनी भी पार्टियां हैं, सभी की अपनी अलग-अलग महत्वकांक्षा है। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव का समय नजदीक आयेगा महागठबंधन में बिखराव आयेगा और एनडीए के खिलाफ महागठबंधन का फार्मूला पूरी तरह से फेल हो जायेगा। उन्होंने दावा किया कि लोक सभा चुनाव में एनडीए बिहार में 35 से अधिक सीटों पर अपनी जीत दर्ज करेगा।  

Back to top button