बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा- भ्रष्टाचार में डूबे राजद नेताओं को…
पटना। भाजपा कार्यालय में आयोजित कर्पूरी जयंती समारोह में भाजपा नेताओं ने लालू यादव पर जमकर निशाना साधा। कहा कि लालू ने अतिपिछड़ों के साथ विश्वासघात किया है। राजद को कर्पूरी जयंती मनाने का अधिकार नहीं है। भाजपा नेता और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि आकंठ भष्टाचार और परिवारवाद में डूबे राजद नेताओं को कर्पूरी जयंती मनाने का अधिकार नहीं है।
इन लोगों ने कर्पूरी जी के नाम पर अतिपिछड़ों को धोखा देने का काम किया है। साथ ही उन्होंने राज्य सभा में पिछड़ा वर्ग आयोग विधेयक को अटकाने के लिए कांग्रेस और राजद की कथनी तथा करनी पर सवाल खड़ा किया। वहीं, इस मौके पर बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने भारतीय जनता पार्टी को समाज के वंचित- शोषित समाज के लोगों का सबसे बड़ा हितैषी बताया।






कहा कि कर्पूरी ठाकुर का सपना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूरा कर रहे है। नित्यानंद राय ने कहा कि देश की आजादी के बाद से लेकर अबतक देश अथवा बिहार स्तर पर दलित- पिछड़ों के हक़- हकूक व हित में जब भी कोई कदम उठाया गया तो उसमें जनसंघ व भाजपा की अहम् भूमिका रही है। कर्पूरी की ईमानदारी की एक बेबाक मिसाल थे। केंद्र में नरेन्द्र मोदी व उनकी सरकार पर कोई भ्रष्टाचार का कोई दाग नहीं लगा है।