बिहार: बहन के तिलक समारोह से लौट रहे भाई की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत

बिहार के जहानाबाद में बहन के तिलक समारोह से लौट रहे युवक की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। घटना पटना गया मुख्य मार्ग एनएच 83 पर मुस्सी पुल के निकट हुई। मृतक युवक की पहचान भेलावर ओपी के धर्मपुर गांव निवासी दीपक कुमार (27 वर्ष) के रूप में की गई है।

मृतक दीपक मंगलवार की अहले सुबह बाइक से घर जा रहा था। इस दौरान मुस्सी के निकट पुलिया के गड्ढे में फंस जाने से वह बाइक समेत सड़क पर गिर गया। इतने में पीछे से आ रहे हाईवा ने उसे कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद हाईवा का चालक गाड़ी को लेकर गया की ओर भाग गया। सूचना मिलते हैं मखदुमपुर थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। शव को अपने कब्जे में लेकर थाने लायी।  उसके परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल जहानाबाद भेज दिया।

जानकारी मिली है कि मृतक दीपक गया में फास्ट फूड की दुकान चलाता था। उसकी बहन की शादी होने वाली थी।  सोमवार को छेका और तिलक का रस्म था। तिलक समारोह में शामिल होकर दीपक गया लौट रहा था। अपनी दुकान खोलने के लिए सुबह ही निकल गया था। लेकिन रास्ते में वह रफ्तार की कहर का शिकार हो गया। दीपक की मौत से उसके परिवार में मातम छा गया है। शादी की खुशियां गम में बदल गई हैं।

Back to top button