टीम इंडिया होगी अग्नि परीक्षा, दो बार वर्ल्ड चैंपियन टीम से करना होगा मुकाबला

टीम इंडिया इस साल अक्टूबर में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन टेस्ट, पांच वन-डे और एक टी20 इंटरनेशनल मैच की मेजबानी करेगी। कैरीबियाई टीम अक्टूबर-नवंबर में भारत का दौरा करेगी। टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और मौजूदा क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (कैब) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने घोषणा की है कि कोलकाता का ईडन गार्डन एकमात्र टी20 इंटरनेशनल मैच की मेजबानी करेगा।
टीम इंडिया होगी अग्नि परीक्षा, दो बार वर्ल्ड चैंपियन टीम से करना होगा मुकाबला बहरहाल, तीन टेस्ट और पांच वन-डे मैचों की सीरीज के लिए स्थानों की घोषणा होना बाकी है। गांगुली ने शनिवार को कहा, ‘हम एकमात्र टी20 इंटरनेशनल मैच के लिए ईडन गार्डन्स पर कैरीबियाई टीम की मेजबानी करेंगे।’बता दें कि दो बार की वर्ल्ड कप चैंपियन वेस्टइंडीज ने आखिरी बार भारत का दौरा 2014 में किया था तब उसने वन-डे और टेस्ट सीरीज खेली थी। मगर वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (डब्लूआईसीबी) के साथ वेतन विवाद के चलते यह दौरा बीच में ही रद्द हुआ था। धर्मशाला में चौथे वन-डे के बाद वेस्टइंडीज की टीम अपने घर लौट गई थी।
इसके बाद से वेस्टइंडीज ने 2016 में भारत में आयोजित वर्ल्ड टी20 में हिस्सा लिया था, जहां उसने इंग्लैंड को फाइनल में मात देकर खिताब जीता था। वहीं टीम इंडिया ने 2016 में वेस्टइंडीज का दौरा करके टेस्ट सीरीज खेली और फिर 2017 में सीमित ओवरों (5 वन-डे और एकमात्र टी20 इंटरनेशनल) की सीरीज खेली। टीम इंडिया ने दोनों बार जीत दर्ज की।
बहरहाल, गांगुली ने यह भी बताया कि ईडन गार्डन्स आईपीएल 2018 क्वालीफायर्स की मेजबानी भी कर सकता है। पहला इन मैचों की मेजबानी पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम को मिली थी। पुणे को दो प्लेऑफ मैचों (एलिमिनेटर और क्वालीफायर 2) की मेजबानी मिली थी क्योंकि पिछले साल राइजिंग पुणे सुपरजायंट रनर-अप थी। हालांकि, इस साल आरपीएस आईपीएल का हिस्सा नहीं है, ऐसे में अन्य राज्य एसोसिएशनों के पास मेजबानी हासिल करने का मौका है।





