आज से गोरखपुर विश्वविद्यालय में शुरू हो रही बीटेक की परीक्षाएं, बीएड-एमएड के पहले सेमेस्टर के परीक्षाओं की तिथि भी तय

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध् महाविद्यालयों में बीटेक प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो रही हैं। 24 फरवरी को परीक्षा का समापन होगा। परीक्षा का विस्तृत कार्यक्रम विश्वविद्यालय प्रशासन ने वेबसाइट https://ddugu.ac.in पर अपलोड कर दिया है।

दो पालियों में शुरू होगी परीक्षा

घोषित कार्यक्रम के अनुसार सभी परीक्षाएं दोपहर एक बजे से शाम साढ़े तीन बजे के बीच सम्पन्न होंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से नई शिक्षा नीति के तहत सेल्फ फाइनेंस मोड में बीटेक की शुरुआत वर्तमान सत्र से की गई है। कोर्स पूरा होने के साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहले सेमेस्टर की परीक्षा का कार्यक्रम भी जारी कर दिया। विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों में स्नातक और परास्नातक के सेमेस्टर की परीक्षाएं 18 जनवरी से चल रही हैं। इन परीक्षाओं का आयोजन दो पालियों में किया जा रहा है।

बीएड-एमएड की परीक्षाएं 18 फरवरी से

विश्वविद्यालय के घोषित कार्यक्रम के अनुसार बीएड-एमएड के पहले सेमेस्टर की परीक्षाएं 18 फरवरी से प्रारंभ होकर 26 फरवरी तक चलेंगी। दो पालियों में परीक्षा का आयोजन होगा। सुबह की पाली में सुबह नौ बजे से साढ़े 11 बजे तक एमएड की परीक्षा तो दोपहर एक बजे से साढ़े तीन बजे तक बीएड की परीक्षा आयोजित होगी।

16 फरवरी को गोविवि में होगा कैंपस ड्राइव

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल की ओर से 16 फरवरी को कैंपस ड्राइव का आयोजन आनलाइन और आफलाइन मोड में किया जाएगा। कैंपस ड्राइव के तहत नाएडा के ट्यूरिंग कंपनी और इंडिया फेमिली मार्ट की ओर से एमबीए और बीबीए के विद्यार्थियों को नौकरी पाने का अवसर दिया जाएगा। ट्यूरिंग में एमबीए/बीबीए ह्यूमन रिसोर्स स्पेशलाइजेशन के छात्र व छात्राओं का चयन चार लाख से नौ लाख के वार्षिक पैकेज तथा फैमिली इंडिया मार्ट में तीन लाख बीस हजार के वार्षिक सैलरी पैकेज पर चयन प्लेसमेंट ड्राइव के द्वारा किया जाएगा।

कुलपति प्रो. राजेश सिंह ने बताया कि प्रोफेशनल पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को रोजगार के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल की गठन किया गया है। सेल द्वारा निरंतर कैंपस ड्राइव का आयोजन कराया जा रहा है। नोएडा की कंपनी इफेक्चुअल सर्विसेज, जारो एजूकेशन, आल ई टेक्नोलाजी, गुरुग्राम और एनजे इन्वेस्टमेंट, सूरत में प्लेसमेट ड्राइव के जरिए अबतक 14 विद्यार्थियों को नौकरी मिल चुकी है।

Back to top button