पार्टी बनने से पहले सांसद सैनी को लगा बड़ा झटका, कांग्रेस में शामिल हुए महेश जैन

फरीदाबाद : भाजपा सांसद राजकुमार सैनी को उनकी पार्टी बनने से पहले ही बड़ा झटका लगा है। सैनी के लोकतांत्रिक सुरक्षा मंच के जिला अध्यक्ष महेश जैन अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल हो गए है। तंवर ने जैन का कांग्रेस पार्टी में स्वागत करते हुए उन्हें राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।पार्टी बनने से पहले सांसद सैनी को लगा बड़ा झटका, कांग्रेस में शामिल हुए महेश जैन

तंवर ने कहा कि कांग्रेस 2019 के लोकसभा चुनाव में सभी 10 और विधानसभा चुनाव में 80 से अधिक सीट जीतकर सत्ता में आएगी। तंवर ने सिरसा हाइवे की तस्वीर दिखाते हुए कहा कि इस सरकार में सड़कों की गुणवत्ता कैसी है, इस सडक को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है। प्रदेश के और हाइवे भी इसी तरह खराब हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर वे ऐसे किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शेंगे, जो देश को चूना लगा रहे हैं।

इस मौके पर तंवर ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा और कुछ दिन में सड़क से दरिया बने सिरसा हाइवे और केएमपी हाइवे में आई दरार पर सरकार को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा सत्ता आने पर नीरव मोदी और माल्या जैसा केस वे नहीं होने देंगे। फरीदाबाद में हुए हजारों करोड़ रुपए के घोटालों को भी उन्होंने ही उजागर किया, जिसके सभी आरोपी आज जेल की हवा खा रहे हैं।

कांग्रेस में शामिल हुए लोकतांत्रिक सुरक्षा मंच के जिला अध्यक्ष महेश जैन ने कहा कि राजकुमार सैनी का सिस्टम उन्हें समझ नहीं आया इसलिए उन्होंने आज अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस ज्वाइन की है। 

Back to top button