बलिया हत्याकांड: मुख्य आरोपी धीरेंद्र सिंह का भाई समेत 6 लोगों गिरफ्तार

​बलिया। यूपी के बलिया में खुली पंचायत में अधेड़ की हत्या के मामले में अबतक 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, मुख्य आरोपी धीरेंद्र सिंह अभी फरार है। पुलिस की कई टीमें उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं लेकिन सफलता उनके हाथ नहीं लग सकी है।

आरोपी का भाई गिरफ्तार

बलिया डीएम हरि प्रताप शाही ने बताया कि मुख्य आरोपी धीरेंद्र सिंह के चचेरे भाई देवेंद्र सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। वह घटना में शामिल था। डीएम ने सभी आरोपियों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि धीरेंद्र सिंह ने लाइसेंसी रिवाल्वर से ही फायरिंग की घटना को अंजाम दिया।

विपक्षी हुए हमलावार

इस घटना को लेकर विपक्षी दल योगी सरकार पर लगातार तंज कर रहे हैं। वहीं उधर बैरिया से बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा है कि आरोपी धीरेंद्र प्रताप सिंह उनका सहयोगी रहा है। उन्होंने कहा कि मैं झूठ नहीं बोलता। धीरेंद्र सिंह बीजेपी का सहयोगी रहा है। हालांकि, उन्‍होंने गोलीकांड को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

आरोपी के बचाव में उतरे भाजपा के विधायक

भाजपा के विधायक ने कहा कि आप लोग उसे (धीरेंद्र सिंह) आरोपी बता रहे हैं। उसके पिता को उन लोगों ने डंडे से मारा, किसी के पिता, किसी की माता, किसी की भाभी और किसी की बहू को लाठी, डंडे से रॉड से मारकर 6 महिला और 2 पुरुषों को घायल किया है। इस पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। यह असाधारण घटना है। उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा के लिये ही लाइसेंस गन होता है, लगता है उनके पास मरने और मारने के अलावा और कोई विकल्प नहीं था। जो दोषी है उन पर पुलिस कार्रवाई करे।

8 नामजद सहित कुल 33 के खिलाफ एफआईआर

इस बीच, डीआईजी (आजमगढ़) भी बलिया में कैंप कर रहे हैं। डीआईजी सुभाष चन्द्र दुबे ने कहा कि मुख्य आरोपी धीरेंद्र सिंह समेत 8 नामजद और 25 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि इस केस में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। मौके पर पकड़े जाने के बाद भी मुख्य आरोपी धीरेंद्र सिंह भाग निकला। डीआईजी ने दावा किया कि सभी नामजद आरोपियों को पुलिस जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी। मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि खुली पंचायत में मौजूद अफसरों के खिलाफ शासन ने कार्रवाई की है। मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नजीर बनेगी।

Back to top button