बाबर आजम ने दिलाई पाक को जीत, विश्व एकादश को 20 रन से हराया

8 साल बाद अपने देश में इंटरनेशनल क्रिकेट की बहाली का जश्न पाकिस्तान ने जीत के साथ मनाया है. पाकिस्तान ने पहले टी-20 मैच में मंगलवार को वर्ल्ड इलेवन टीम के खिलाफ 20 रनों से शानदार जीत दर्ज की है. लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में मिली इस जीत के साथ उसने तीन टी-20 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है.

बाबर आजम ने दिलाई पाक को जीत, विश्व एकादश को 20 रन से हराया

वर्ल्ड इलेवन के कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया, लेकिन उसके गेंदबाज पाकिस्तान को बड़ा स्कोर खड़ा करने से नहीं रोक पाए. पाकिस्तान ने पूरे 20 ओवर खेलने के बाद बाबर आजम के बेहतरीन 86 रनों के दम पर पांच विकेट के नुकसान पर 197 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. वर्ल्ड इलेवन 20 ओवरों में सात विकेट खोकर 177 रन ही बना सकी.

हालांकि पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही थी और उसने 18 के कुल स्कोर पर फखर जमन (8) के रूप में अपना पहला विकेट खो दिया था, लेकिन दूसरे विकेट के लिए आजम और अहमद शाहजाद (39) ने 122 रनों की साझेदारी कर बड़े स्कोर की नींव रखी.

दूसरे विकेट के रूप में शहजाद आउट हुए. उनके जाने के बाद आजम को लेग स्पिनर इमरान ताहिर ने अपना शिकार बनाया. आजम ने टी-20 में अपना सर्वश्रेष्ठ स्कोर बनाने के लिए 52 गेंदें खेली और 10 चौके और दो छक्के लगाए.

अंत में शोएब मलिक ने 20 गेंदों में चार चौके और दो छक्कों की मदद से 38 रनों की पारी खेल टीम को बड़े स्कोर के करीब पहुंचाया. वह पांचवें विकेट के रूप में 182 के कुल स्कोर पर आउट हुए. वर्ल्ड इलेवन के लिए थिसारा पेरारा ने दो विकेट लिए. मोर्ने मोर्कल, बेन कटिंग और ताहिर को एक-एक सफलता मिली. विशाल लक्ष्य के सामने तमीम इकबाल (18) और हाशिम अमला (26) ने वर्ल्ड इलेवन को सधी हुई शुरुआत देते हुए 5.2 ओवरों में 43 रन जोड़े. रूमान रइस ने पहले इकबाल को आउट किया और फिर पांच रन बाद अमला को पवेलियन भेजा.

इसे भी देखें:- बैट्समैन क्यों चाहते थे कि इसी तरह टूटा रहे वॉर्न का हाथ: वीरेंद्र सहवाग

विकेटकीपर टिम पेन (25) और कप्तान फाफ डु प्लेसिस (29) ने तीसरे विकेट के लिए 53 रन जोड़ टीम को जीत के करीब ले जाने की कोशिश की, लेकिन 101 के कुल स्कोर पर शादाब खान ने प्लेसिस की पारी का अंत किया. वहीं 108 के कुल स्कोर पर सोहेल खान ने पेन को बाहर भेज दिया. वर्ल्ड इलेवन को यहां से कोई बल्लेबाज जीत नहीं दिला सका और उसे 20 रनों से हार का सामना करना पड़ा. पाकिस्तान के लिए सोहेल, रइस और शादाब ने दो-दो विकेट लिए. एक बल्लेबाज रन आउट हुआ.

Back to top button