ऑटो रिक्‍शा चालकों ने अहमदाबाद में किया हिंसक प्रदर्शन

अहमदाबाद में पुलिस की सख्‍ती के खिलाफ ऑटो ड्राइवर की एक दिवसीय हड़ताल अब हिंसक रूप लेने लगी है. सड़क पर उतरे हड़ताली ऑटो ड्राइवरों ने नगर निगम की बसों पर पथराव किया है. इस दौरान कई बसों के शीशे तोड़ दिए गए हैं. ऑटो ड्राइवरों के हिंसक प्रदर्शन को देखते हुए बस सेवाओं को कुछ देर के लिए रोक दिया गया है.ऑटो रिक्‍शा चालकों ने अहमदाबाद में किया हिंसक प्रदर्शन

मामले की गंभीरता को देखते हुए और अतिरिक्‍त पुलिस टीम को बुलाया गया है. शहर के चप्‍पे-चप्‍पे पर पुलिस की तैनाती की जा रही है. जानकारी के अनुसार पार्किंग को लेकर पुलिस की सख्ती के ख़िलाफ़ अहमदाबाद के ऑटो रिक्‍शा चालक हड़ताल पर हैं. इस दौरान शहर में ऑटो की आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गई है. ऑटो रिक्शा ड्राइवरों की हड़ताल हाथापाई तक पहुंच गई है. हड़ताल के बावजूद ऑटो चलाने वालों को जबरन रोक कर पीटा जा रहा है.

हड़ताल करने वाले ऑटो रिक्शा ड्राइवर अब सड़क पर गुंडागर्दी करते दिखाई दे रहे हैं. बताया जाता है कि ऑटो की हड़ताल होने के कारण लोग नगर निगम बसों का सहारा ले रहे हैं. लेकिन वहां भी वह सुरक्षित नहीं है. प्रदर्शनकारी ऑटो ड्राइवरों ने दोपहर में कई बसों को अपना निशाना बनाया और उनके शीशे तोड़ दिए. बसों को सड़क पर ही रोक दिया गया और यात्रियों को बसों से जबरन उतार दिया गया. हिंसक होते प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्‍त पुलिस बल बुलाया है, जिससे किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके.

Back to top button