AUSvIND: खराब रोशनी के कारण खेल नहीं हुआ शुरू, ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 6/0

टीम इंडिया द्वारा रविवार को सिडनी टेस्ट के चौथे दिन फॉलोऑन खेलने को मजबूर ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी शुरू हो चुकी है। 
समाचार लिखे जाने तक ऑस्ट्रेलिया ने चार ओवर में बिना किसी नुकसान के 6 रन बना लिए हैं। उस्मान ख्वाजा 4 और मार्कस हैरिस 2 रन बनाकर क्रीज पर जमे हुए हैं। मेजबान टीम अभी भारत के स्कोर से 316 रन पीछे है जबकि उसके सभी विकेट शेष हैं।
इससे पहले कुलदीप यादव 5 विकेट की शानदार गेंदबाजी की बदौलत टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 300 रन पर समेटी। इसी के साथ विराट ब्रिगेड ने पहली पारी के आधार पर 322 रन की बढ़त बना ली है।
बता दें कि टीम इंडिया के स्कोर 622/7 पारी घोषित के जवाब में ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 104.5 ओवर में 300 रन पर ढेर हुई। टीम इंडिया के चाइनामैन कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 31.5 ओवर के अपने स्पेल में 6 मेडन सहित 99 रन देकर पांच विकेट झटके।
मेजबान टीम ने चौथे दिन अपनी पारी 236/6 के स्कोर से आगे बढ़ाई। चौथे दिन का पहला सत्र बारिश की भेंट चढ़ा। लंच के बाद शुरू हुए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने बिगाड़ी। उन्होंने पैट कमिंस (25) को क्लीन बोल्ड किया। कमिंस अपने कल के स्कोर में कोई इजाफा नहीं कर सके। इसके बाद पीटर हैंड्सकोंब (37) ने स्टार्क के साथ पारी संभालने की कोशिश की।
दोनों ने आठवें विकेट के लिए 21 रन जोड़े। मगर बुमराह की एक तेज गति की इनस्विंग ने हैंड्सकोंब के होश उड़ा दिए। भारतीय तेज गेंदबाज ने कंगारू बल्लेबाज को बोल्ड करके मेजबान टीम को आठवां झटका दिया।
अगले ही ओवर में कुलदीप यादव ने नाथन लियोन को फुलटॉस गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट करके टीम इंडिया को 9वीं सफलता दिलाई। लियोन खाता नहीं खोल सके। इसके बाद जोश हेजलवुड (21) और मिचेल स्टार्क (29*) ने आखिरी विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी करते हुए टीम इंडिया का सिरदर्द बढ़ाया। दोनों ने जोरदार संघर्ष किया और ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 300 रन पहुंचाया।
टीम इंडिया की तरफ से कुलदीप के अलावा रवींद्र जडेजा और मोहम्मद शमी ने दो-दो विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह को एक सफलता मिली।





