Asia Cup: भारत की ताबड़तोड़ शुरुआत, रोहित और धवन क्रीज पर

एशिया कप 2018 में ग्रुप A का दूसरा मुकाबला भारत और हांगकांग के बीच दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है. पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने 3 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 17 रन बना लिए हैं. रोहित शर्मा (10 रन) और शिखर धवन (6 रन) क्रीज पर हैं.

इससे पहले हांगकांग के कप्तान अंशुमन रथ ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया और टीम इंडिया को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया. भारतीय टीम में अंबति रायडू की वापसी हुई है.

रायडू नंबर 3 पर बल्लेबाजी करेंगे. उनके साथ दिनेश कार्तिक और केदार जाधव भी प्लेइंग इलेवन में शामिल हैं. भारतीय टीम के लिए तेज गेंदबाज खलील अहमद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना डेब्यू करेंगे. भारत इस मैच में पांच गेंदबाजों के साथ खेल रहा है. हांगकांग ने अपनी टीम में एक भी बदलाव नहीं किया है.

पहले मैच में पाकिस्तान से हारी थी हांगकांग

एशिया कप के ग्रुप-ए के अपने पहले मैच में हांगकांग को पाकिस्तान के हाथों आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा था. दो बार की चैंपियन पाकिस्तान ने पहले गेंदबाजी करते हुए हांगकांग को 37.1 ओवर में 116 रन पर ढेर कर दिया और फिर 23.4 ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया.

बिना कोहली के खेल रही है टीम इंडिया

टूर्नामेंट में भारत की कमान सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के हाथों में है. नियमित कप्तान विराट कोहली को चयनकर्ताओं ने आराम देने का फैसला किया है.

कोहली की गैरमौजूदगी में भारत को तीसरे नंबर का विकल्प ढूंढना होगा. रोहित, शिखर धवन और लोकेश राहुल तीनों सलामी बल्लेबाजी करते हैं, इसलिए इस मैच में रोहित ने अंबति रायडू पर दांव खेला है.

प्लेइंग इलेवन:-

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन (उपकप्तान), अंबति रायडू, केदार जाधव, महेंद्र सिंह धोनी, दिनेश कार्तिक, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, शार्दुल ठाकुर और खलील अहमद.

हांगकांग: निजाकत खान, अंशुमन रथ (कप्तान), बाबर हयात, किंचित शाह, क्रिस्टोफर कार्टर, एहसान खान, स्कॉट मैक्हनेई, तनवीर अफजल, एजाज खान, एहसान नवाज, नदीम अहमद.

Back to top button