उत्तराखंड की 92 नगर निकायों में प्रशासकों की नियुक्ति

देहरादून: निकाय चुनाव को लेकर चल रही प्रकिया के लंबा खिंचने के साथ ही अब प्रदेश के आठ नगर निगम समेत सभी 92 नगर निकायों में प्रशासकों की नियुक्ति कर दी गई है। बतौर प्रशासक संबंधित जिलों के जिलाधिकारी चार मई को यह दायित्व संभालेंगे। इस सिलसिले में शासन ने अधिसूचना जारी कर दी। नगर निकायों का कार्यकाल आज तीन मई को खत्म हो रहा है।उत्तराखंड की 92 नगर निकायों में प्रशासकों की नियुक्ति

नियमानुसार कार्यकाल खत्म होने से पहले निकाय चुनाव होने थे और सरकार इसे लेकर कवायद में भी जुटी थी। इस बीच नगर निकायों के सीमा विस्तार को लेकर कुछ लोगों के कोर्ट चले जाने के बाद कोर्ट के आदेश पर 24 निकायों के सीमा विस्तार-गठन संबंधी अधिसूचना निरस्त कर दोबारा से आपत्तियां आमंत्रित की गईं। हालांकि, यह प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और वर्तमान में वार्डों के साथ ही अध्यक्ष पदों पर आरक्षण के संबंध में आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं। अलबत्ता, अभी नगर निगमों के महापौर पदों पर आरक्षण का मसला लटका हुआ है।

इस प्रक्रिया को 12 मई तक पूर्ण किया जाना है। इसके बाद ही निकाय चुनावों को लेकर तस्वीर साफ होने की संभावना है। ऐसे में चुनाव आगे खिसकने के मद्देनजर नगर निकायों को प्रशासकों के हवाले करना ही सरकार के पास विकल्प था। इस सिलसिले में शासन ने अधिसूचना भी जारी कर दी। जिलाधिकारियों को चार मई से अग्रिम आदेशों तक प्रशासक नियुक्त किया गया है। नगर निकायों में प्रशासक केवल नैत्यिक कार्यों का ही निर्वह्न करेंगे।

राज्य में निकाय

08 नगर निगम

41 नगर पालिका परिषद

43 नगर पंचायत

Back to top button