24 जून को अमित शाह करेंगे उत्तराखंड सरकार के कामकाज की समीक्षा

देहरादून: उत्तराखंड के लिए यह सप्ताह बेहद खास रहने वाला है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून के राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिरकत करेंगे तो 24 जून को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का देहरादून दौरा संभावित है। इसे देखते हुए भाजपा तैयारियों में जुट गई हैं। माना जा रहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष इस दौरान प्रदेश सरकार के कामकाज की समीक्षा कर सकते हैं। साथ ही आगामी लोस चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं में जीत का मंत्र भी फूकेंगे।24 जून को अमित शाह करेंगे उत्तराखंड सरकार के कामकाज की समीक्षा

प्रधानमंत्री के दौरे के बाद 24 जून को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह देहरादून में रहेंगे। हालांकि, अभी उनका आधिकारिक कार्यक्रम नहीं पहुंचा है, मगर पार्टी ने तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। बता दें कि इससे पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह गत वर्ष सितंबर में दो दिन के प्रवास पर देहरादून आए थे। 

तब उन्होंने पार्टी के मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं के लिए लक्ष्य निर्धारित किए थे। माना जा रहा कि अब इन लक्ष्यों की प्रगति की समीक्षा करने के साथ ही वह आगामी लक्ष्य दे सकते हैं। यही नहीं, अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों में भी राज्य में भाजपा का परचम लहराने को मंत्र कार्यकर्ताओं को दे सकते हैं। 

इस सबके मद्देनजर वह एक के बाद एक बैठकें ले सकते हैं, जिस प्रकार उन्होंने गत वर्ष सितंबर में यहां बैठकें की थीं। इसी हिसाब से भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। राज्य सरकार की उपलब्धियों और केंद्र पोषित विभिन्न योजनाओं की प्रगति का ब्योरा जुटाने के साथ ही हर क्षेत्र व बूथ स्तर तक की स्थिति का ब्योरा जुटाया जा रहा है। 

इस बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में भी राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे के मद्देनजर चर्चा की गई। प्रदेश अध्यक्ष भट्ट के मुताबिक अभी आधिकारिक कार्यक्रम नहीं मिला है, लेकिन 21 जून को योग दिवस का कार्यक्रम संपन्न होने के बाद इस संबंध में फिर बैठक की जाएगी। उधर, भाजपा की सोशल मीडिया एवं आइटी विभाग की गढ़वाल संभाग की बैठक में भी 24 जून को राष्ट्रीय अध्यक्ष के संभावित दौरे पर चर्चा की गई। इस मौके पर विभाग के प्रदेश प्रभारी भुवन जोशी ने सोशल मीडिया व आइटी से संबंधित जानकारियां दीं।

Back to top button