भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच मौसम विभाग ने दिया मॉनसून पर अपडेट, कहा…

मौसम विभाग ने आज कुछ राज्यों में बारिश की बात कही है तो वहीं कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी चलने के आसार हैं। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बीच मौसम विभाग (IMD) ने मॉनसून पर भी अपडेट दिया है।

कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?

मौसम विभाग की ताजा जानकारी के मुताबिक अगले 2 घंटो के दौरान दिल्ली , उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, मध्य-दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और एनसीआर (लोनी देहात,हिंडन एएफ स्टेशन, गाजियाबाद, इंदिरापुरम, छपरौला) सोनीपत, रोहतक, खरखौदा (हरियाणा) बड़ौत, बागपत, मेरठ, मोदीनगर, गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़, सियाना, सिकंदराबाद, बुलंदशहर, जहांगीराबाद (यूपी) और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।

40 डिग्री से ऊपर रहेगा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह तक राजधानी दिल्ली में 40 डिग्री से ज्यादा तापमान रह सकता है। साथ बताया कि फिलहाल लू चलने की कोई संभावना नही है। दिल्ली में अधिकतम तापमान बढ़ने के कारण गर्मी बढ़ने की स्थिति भी तेज हो गई है। सोमवार (16 मई) को भी दिल्ली में अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पांच दिनों के अंदर राजधानी का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बढ़ गया है।

बिहार के मौसम का हाल

बिहार के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। उत्तर बिहार के 19 जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश के 15 जिलों में आज बारिश होने की संभावना है। वहीं 18 और 19 मई को पूरे प्रदेश में हल्की और मध्यम स्तर की वर्षा होने हो सकती है।

किन-किन जिलों में बारिश की संभावना?

बिहार के 15 जिलों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, सीवान, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया और किशनगंज शामिल हैं। अन्य जिलों मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश के मौसम का हाल

मौसम विभागस से मिली जानकारी के अनुसार लखनऊ में आज न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं, लखनऊ में भी आज तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, 19 मई तक लखनऊ में हर रोज तेज हवाएं चल सकती हैं। गाजियाबाद की बात करें तो आज न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 41 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। वहीं, गाजियाबाद में भी आज तेज हवाएं चल सकती हैं।

इन राज्यों में होगी बारिश

मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट की मानें तो पूर्वोत्तर भारत में हल्की से मध्यम बारिश और कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है। वहीं, राजस्थान, दक्षिण हरियाणा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी चल सकती है। इसी के साथ, पूर्वी बिहार, पश्चिम बंगाल और तटीय ओडिशा के कुछ हिस्सों में गरज और बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। केरल और दक्षिण कर्नाटक में हल्की बारिश के साथ एक या दो मध्यम बारिश हो सकती है।

राजस्थान में मौसम कैसा होगा?

राजस्थान के कुछ हिस्सों में

पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने के बाद मंगलवार को अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। जिसके चलते अगले 3 दिनों के लिए कई जिलों में धूल भरी आंधी के लिए “येलो अलर्ट” जारी किया गया है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, अजमेर, अलवर, बारां, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनू, करौली, कोटा, सवाई माधोपुर में धूल भरी आंधी चलेगी।

कब होगी मानसून की एंट्री

आमतौर पर दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 1 जून को केरल में प्रवेश करता है। हालांकि, इस बार मॉनसून के केरल में प्रवेश करने की तारीख 04 जून बताई जा रही है।

मौसम विभाग ने मंगलवार को जो जानकारी दी उसके अनुसार, केरल में मॉनसून की शुरुआत सामान्य से 4 दिन की देरी पर होगी। पिछले साल मॉनसून ने केरल में जल्दी एंट्री कर ली थी। 29 मई को पिछले साल मॉनसून की एंट्री हो गई थी। इससे पहले साल 2021 में मॉनसून की एंट्री 03 जून को हुई थी। वहीं, 2020 में मॉनसून की एंट्री जून 01 को हुई थी।

Back to top button