आंबेडकर प्रतिमाएं तोडऩे पर सरकार उठाये बड़ा कदम: मायावती

लखनऊ (जेएनएन) बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने प्रदेश में बाबा साहेब भीम राव आंबेडकर की प्रतिमाएं तोड़े जाने की निंदा की है। उन्होंने कहा है कि सरकार इस मामले में सख्त कदम उठाए। इसके साथ ही मायावती ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी की है। मायावती ने शनिवार को एक बयान जारी कर कहा है कि बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर को रामजी अंबेडकर बनाने की राजनीतिक स्वार्थ की कोशिश करने के बजाय योगी सरकार दोषी असामाजिक तत्वों केखिलाफ सख्त कार्रवाई करे ताकि इन दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। 
कलंकित हो रही सरकार
अखिलेश यादव का बड़ा बयान : राजा भैया हमारे नहीं
इलाहाबाद व सिद्धार्थनगर जिले में बाबा साहेब की प्रतिमाओं को तोड़े जाने की ताजा घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि समाज में जातिवादी हिंसा, तनाव, विद्वेष पैदा करने वाली इन घटनाओं पर कानूनी सख्ती नहीं होने के कारण ही सरकार कलंकित हो रही है। नई मूर्ति की स्थापना करने से ही समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि कानून का सख्ती से अनुपालन होना चाहिए। मायावती ने कहा कि बाबा साहेब इस देश के संविधान के निर्माता हैं और भारतरत्न भी हैं। उनके नाम पर किसी को भी ऐसा कोई भी काम कतई नहीं करना चाहिए जिससे उनकी प्रतिष्ठा पर आंच आए। बाबा साहेब ने हर काम कानूनी तौर से किया। बसपा सुप्रीमो ने कहा कि इसके अलावा गुजरात में अपने खेत पर काम की सहूलियत के लिए घुड़सवारी करने पर एक दलित युवक की निर्मम हत्या समेत दलित उत्पीडऩ के अन्य मामले यह साबित करते हैं कि भाजपा शासित राज्यों में अभी भी जातिवाद का विष कितना ज्यादा गहरा है।





