भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में श्रीलंका के कप्तान होंगे परेरा

थिसारा परेरा भारत के खिलाफ आगामी वनडे और टी20 सीरीज में श्रीलंका के कप्तान होंगे। भारत और श्रीलंका के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज 10 दिसंबर से खेली जाएगी। इन टीमों के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज 20 दिसंबर से होगी।
थिसारा परेरा अब सीमित ओवरों की सीरीज में उपुल थरंगा की जगह टीम की कमान संभालेंगे। थरंगा के नेतृत्व में श्रीलंकाई टीम का इस वर्ष तीन सीरीज में सफाया हुआ था।
थिसारा परेरा 2017 में श्रीलंका के सातवें कप्तान होंगे। उनसे पहले एंजेलो मैथ्यूज, लसिथ मलिंगा, रंगना हैराथ, दिनेश चांदीमल, चमारा कापूगेडरा और उपुल थरंगा यह दायित्व संभाल चुके हैं। मैथ्यूज ने जब इस वर्ष जुलाई में श्रीलंकाई टीम की कमान छोड़ी थी तब चांदीमल को टेस्ट और थरंगा को सीमित ओवरों के फॉर्मेट में टीम का कप्तान बनाया गया था।
श्रीलंका के चीफ सिलेक्टर सनत जयसूर्या ने अपने पुराने जोड़ीदार थरंगा को टीम का कप्तान बनाया। लेकिन उनके नेतृत्व में टीम का दक्षिण अफ्रीका, भारत और पाकिस्तान के खिलाफ सफाया हुआ। इसके चलते टीम के सीधे 2019 विश्व कप में प्रवेश पर खतरा पैदा हो गया था।





