प्रधानमंत्री संग्रहालय के उद्घाटन के बाद पीएम ने खरीदा पहला टिकट, 14 पूर्व प्रधानमंत्रियों के…

आज़ादी के बाद से देश के प्रधानमंत्रियों को समर्पित संग्रहालय का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को उद्घाटन किया. इस दौरान पीएम मोदी ने संग्रहालय का पहला टिकट खुद ख़रीदा. तीन मूर्ति कॉम्प्लेक्स में लगभग 217 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस ‘प्रधानमंत्री संग्रहालय’ में देश के 14 पूर्व प्रधानमंत्रियों के जीवन और कार्यों के माध्यम से भारत का समृद्ध इतिहास दर्शाया गया है.
दिल्ली में तीन मूर्ति भवन में बने नेहरू स्मारक म्यूजियम और लाइब्रेरी परिसर को प्रधानमंत्री संग्रहालय के रूप में पुनर्निर्मित किया गया है. यह 15,600 वर्ग मीटर में फैला है. इसमें 43 दीर्घाएं हैं. यहां पर पूर्व प्रधानमंत्रियों की पुरानी फोटो, वीडियो क्लिप, समाचार पत्र, इंटरव्यू, भाषण, मूल लेख जैसी चीजें भी देखने को मिलेंगी. उसके अलावा उनके महत्वपूर्ण पत्राचार, व्यक्तिगत वस्तुएं, उपहार, सम्मान, पदक, स्मारक टिकट, सिक्के आदि भी प्रदर्शित किए गए हैं. यहां पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की वो फिएट कार भी देखने को मिलेगी, जिसे उन्होंने 1964 में पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद खरीदा था.
संग्रहालय की डिजाइन को उभरते भारत थीम पर तैयार किया गया है. संग्रहालय में सूचनाएं देने के लिए नई-नयी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है. पूर्व प्रधानमंत्रियों से जुड़ी यादों को होलोग्राम, आभासी वास्तविकता (ऑगमेंटेड रिएलिटी) चलती-फिरती मूर्तियो, इंटरैक्टिव कियोस्क आदि तकनीक के जरिए रोचक अंदाज में जानकारियों को पेश किया गया है.
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया था कि इस संग्रहालय को राष्ट्र निर्माण की दिशा में भारत के सभी प्रधानमंत्रियों के योगदान का सम्मान करने के लिए बनाया गया है. यह स्वतंत्रता के बाद से भारत के प्रत्येक प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि है, चाहे उनकी विचारधारा कुछ भी रहा हो. इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को सभी भारतीय प्रधानमंत्रियों के नेतृत्व, दूरदर्शिता और उपलब्धियों के बारे में जानकारी देते हुए प्रेरित करना है.





