फीफा विश्व कप फाइनल में करारी शिकस्त के बाद क्रोएशिया के सपनों में फिर पानी, फैंस बोले- हमें आप पर गर्व है
क्रोएशिया को रविवार को फीफा विश्व कप 2018 के फाइनल में फ्रांस के हाथों 2-4 की करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। क्रोएशिया की टीम पहली बार फाइनल में पहुंची थी और उसके विश्व कप जीतने का सपना अधूरा ही रह गया। क्रोएशिया की हार का सबसे ज्यादा असर कप्तान लुका मोड्रिक पर दिखा, जो अपने आंसुओं को रोक नहीं पा रहे थे।
प्रेजेंटेशन सेरेमनी के दौरान जब गोल्डन बॉल के खिताब से मोड्रिक को सम्मानित किया गया तब भी वह अपने आंसुओं को रोक नहीं पा रहे थे। ऐसे में राष्ट्रपति कोलिंदा ग्राबर किटारोविक ने मोड्रिक को गले लगाया और उनका हौसला बढ़ाया।
वैसे, क्रोएशिया की हार का फैंस पर असर काफी मिश्रित नजर आया। कई फैंस को टीम की हार पर निराशा हुई तो कई इसे एक बड़ी उपलब्धि मान रहे हैं और ‘मील का पत्थर’ करार दे रहे हैं। एक युवा महिला क्रोएशिया की हार पर खूब रो रही थी, तब उसे एक अन्य महिला मित्र ने गले लगाकर संभाला।
हालांकि, कई फैंस क्रोएशिया की हार के बावजूद निराश नहीं हैं क्योंकि उनका मानना है कि 40 लाख की आबादी वाले देश ने फाइनल में पहुंचते हुए बहुत बड़ा मुकाम हासिल किया है। एक फैन ने कहा, ‘फ्रांस ने अंतिम समय में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया जबकि शुरुआत में हमारी टीम ने उन्हें आसानी से गोल करने दिए। बड़ी उपलब्धि फाइनल में खेलना रहा। हमें लुका मोड्रिक और अपनी टीम पर गर्व है।’
क्रोएशिया की टीम के लिए सोमवार को जाग्रेब में स्वागत पार्टी रखी गयी है। भारी संख्या में फैंस के प्रमुख जाग्रेब चौराहे पर पहुंचने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री आंद्रेस प्लेंकोविच ने मालिकों से स्टाफ को जश्न में शामिल होने देने के लिए जल्दी छुट्टी देने की अपील की है। टिकट रेट भी सस्ते किए जाने की तैयारी है।





