लापता पत्रकार जमाल खगोशी के बारे में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा- सऊदी राजा से करुंगा बात…

59 साल के जमाल खागोशी जोकि वाशिंगटन पोस्ट में काम किया करते थे, वह इस्तांबुल अपनी शादी के लिए दस्तावेज इकट्ठा करने के लिए गए थे। ट्रंप ने कहा, ‘मैं राजा सलमान से कुछ मुद्दों को लेकर बात करुंगा। मैं उनसे बात करने वाला हूं। हम यह पता लगाने की कोशिश करेंगे कि तुर्की की भयावह परिस्थितियों में क्या हुआ, सऊदी अरब और पत्रकार का उससे क्या लेना-देना है। इसके बारे में अभी तक कोई नहीं जानता है। लोगों ने अपने विचार बनाने शुरू कर दिए हैं। जैसे ही वह बन जाएंगे, हम आपको बता देंगे। लेकिन यह भयावह चीज है।’
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सऊदी के राजा के साथ होने वाली बातचीत को लेकर किसी भी तरह का इशारा देने से मना कर दिया। उन्होंने कहा, ‘मैं आपको नहीं बता सकता लेकिन मैं आपसे कहना चाहता हूं कि उन्हें बहुत सख्ती का सामना करना पड़ेगा, बहुत से लोग इसके बारे में जानना चाहते हैं क्योंकि वास्तव में यह एक भयानक परिस्थिति है। हम देखेंगे कि क्या होता है।’
वहीं विदेशी मामलों की समिति के अध्यक्ष एड रॉयस और रैंकिंग सदस्य एलियट एंजल मे ट्रंप को पत्र लिखा है। जिसमें खगोशी के गायब होने पर कार्रवाई करने की मांग की है। पत्र में उन्होंने लिखा है, ‘राष्ट्रपति जी, हम सऊदी के साथ अपने रिश्ते का सम्मान करते हैं। इसके बावजूद अंतरराष्ट्रीय मानदंडों और समझौतों के तहत हत्या और अन्य उल्लंघनों के संबंध में सजा से छूट नहीं दी जा सकती है।’
तुर्की-अरब मीडिया एसोसिएशन (टीएएम) ने खाशोगी के समर्थन में तुर्की में बने सऊदी के वाणिज्य दूतावास के बाहर रैली आयोजित की थी। सरकार के पूर्व सलाहकार रहे खाशोगी सऊदी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान और यमन में युद्ध में सऊदी अरब के दखल के आलोचक रहे हैं। अपनी संभावित गिरफ्तारी से बचने के लिए पिछले साल से वह अमेरिका में आत्मनिर्वासित जीवन जी रहे थे।





