रोड पर खूंखार जीव के साथ टहलती दिखी महिला, भेड़िया समझकर दहशत में आए लोग

आजकल पालतू जानवरों को पालने का काफी चलन हो गया है. कुत्ते, बिल्ली, गाय, भैंस या बकरी तो सैकड़ों सालों से लोग पाल रहे हैं, मगर अब तो लोग खरगोश, मेंढक, गिलहरी…यहां तक कि मकड़ी और सांप तक पालने लगे हैं. हाल ही में पेरिस की सड़कों पर एक औरत अपने पालतू जीव के साथ टहलती नजर आई. वो इतना खूंखार लग रहा था, उसे देखकर लोगों ने भेड़िया (Woman walk with wolf like animal viral video) समझ लिया और दहशत में आ गए. कमेंट कर लोग बोलने लगे कि कोई भी उस औरत से पंगा नहीं लेगा. पर असल में वो जीव कुछ और ही है!
ट्विटर अकाउंट @AMAZlNGNATURE पर अक्सर जानवरों से जुड़े अजब-गजब वीडियोज पोस्ट किए जाते हैं. हाल ही में ऐसा ही एक वीडियो पोस्ट किया गया है जिसमें एक महिला रोड पर अजीबोगरीब जीव (Weird animal with woman in Paris video) को टहलाते हुए नजर आ रही है. जो भी उस जीव को देख रहा है, उसे लग रहा है कि वो भेड़िया है. भेड़िये बेहद खतरनाक होते हैं और जंगलों में रहते हैं, इस तरह उन्हें पालतू बनाना और भीड़भाड़ वाले शहरी इलाकों में लाना चौंकाने वाली बात है. वीडियो में बताया गया है कि ये पेरिस की घटना है.
भेड़िये जैसे जीव को लेकर निकली महिला
वीडियो में आप देख सकते हैं कि महिला ने जीव को चेन से बांधा है और उसे पकड़कर साथ ले जा रही है. फिर वो दुकानों के पास नजर आती है और सामान खरीदती हुई दिख रही है. जीव उसके साथ-साथ लगा है और काफी चौकन्ना होकर चलता दिख रहा है. एक बात तो तय है कि महिला को सुरक्षा की चिंता बिल्कुल भी नहीं करनी पड़ेगी. पर क्या ये वाकई भेड़िया है? न्यूज18 हिन्दी ये दावे से तो नहीं कह सकता है, मगर जांच करने में मालूम हुआ कि भेड़िया जैसा दिखने वाला एक कुत्ता भी होता है. इस ब्रीड को चेकोस्लोवाकियन वुल्फ डॉग कहा जाता है. ये हूबहू भेड़िये जैसा ही होता है. दिखने में भी ये काफी ऊंचे होते हैं और अगर इन्हें पाला जाए तो ये बेहतरीन पालतू जानवर साबित होते हैं.
वीडियो हो रहा है वायरल
इस वीडियो को 2 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं और कई लोगों ने कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है. एक ने कहा कि ये वीडियो देखकर आप समझ गए होंगे कि पेरिस में किसके साथ कभी चोरी नहीं होगी. वहीं एक ने कहा कि ये वुल्फ डॉग है, भेड़िया नहीं है.





