पटना में हुआ एक के बाद एक ब्लास्ट, आसमान छूने लगी आग की लपटें
पटना। राजधानी पटना के जक्कनपुर थाना अंतर्गत इंदिरा नगर में गुरूवार एक के बाद एक ब्लास्ट होने लगे। आग की लपटें आसमान छूने लगी। चारों तरफ धुंए का गुब्बार भर गया। लोग इधर-उधर भागने लगे। बिजली कनेक्शन काट दिया गया। सायरन बजाती पुलिस और फायरब्रिगेड की गाडि़यां मौके पर पहुंच गई।
दरअसल, इंदिरा नगर इलाके में एक गैस गोदाम में आग लग गई थी। एक के बाद एक गैस सिलिंडर ब्लास्ट करने लगे। आग बेकाबू हो गया। मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों को आग बुझाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। घंटों बाद आग पर काबू पाया गया।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोग बता रहे हैं कि गैस रिफिलिंग के दौरान सिलिंडर में रिसाव के कारण यह घटना हुई है। घनी आबादी वाले क्षेत्र में लगी इस भीषण आग के बाद बिजली सप्लाइ बंद कर दी गई। आस पास के लोगों को वहां से हटा दिया गया। अगलगी की इस घटना में काफी नुकसान हुआ है।





