शिव की नगरी काशी में आखिर क्यों बसते हैं भगवान विष्णु?

हिंदू धर्म में वैकुंठ चतुर्दशी का खास धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, कार्तिक शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि पर भगवान शिव और भगवान विष्णु की एक साथ पूजा करना अत्यंत शुभ फलदायी माना जाता है। भक्ति परंपरा में इसे ‘हरि-हर मिलन’ का पर्व भी कहा जाता है। इस साल बैकुंठ चतुर्दशी 23 नवंबर यानी आज मनाया जा रहा है।

इस मौके पर हम आपको भगवान शिव की प्राचीन नगरी काशी के एक ऐसे अलौकिक मंदिर के बारे में बताने जा रहे हैं, जो भगवान विष्णु को समर्पित है। इस मंदिर के पीछे का रोचक रहस्य और परंपरा आपको भी हैरान कर देगी।

बिंदु माधव मंदिर
बिंदु माधव मंदिर काशी (वाराणसी) में पंचगंगा घाट के पास घसी टोला क्षेत्र में स्थित है, जो भगवान विष्णु को समर्पित मंदिर है। पौराणिक कहानियों के मुताबिक, ऋषि अग्निबिंदु ने यहां स्नान किया था और पवित्र जल की बूंदों पर अपना पेट भरा था। खुश होकर भगवान विष्णु ने हमेशा यहीं रहने का वादा निभाया जिससे उन्हें लाभ हुआ।

इसका नाम बिंदु माधव या ‘बूंद-भगवान’ रखा गया। यह मंदिर पवित्र पंच माधव मंदिरों में से एक बन गया। मान्यता है कि यह जगह भक्ति और कृपा से पाप कर्मों को दूर करती है। आज इस मंदिर में शालिग्राम विष्णु जी की मूर्ति है, जिसके दोनों तरफ गरुड़ और हनुमान जी की तस्वीरें हैं।

हर महीने कार्तिक मास में मंदिर में दीपदान का भक्तिमय नजारा देखने को मिलता है। इसके अलावा शास्त्रों का पाठ होने के साथ आत्माएं इस पवित्र संगम पर शुद्धि के वादे से खिंची चली आती हैं।

बिंदु माधव मंदिर से जुड़ी अन्य प्रचलित कथाएं
कहा जाता है कि भगवान विष्णु जब काशी आएं थे तो सबसे पहले वे आदिकेशव गए थे। उसी दौरान पंचनंद तीर्थ स्थल पर श्रीहरि की ही तपस्या में लीन अग्नि बिंदु तपस्वी ने वरदान मांगा की भगवान उनकी तपस्या स्थान पर ही निवास करें, ताकि यहां के दर्शन करके व्यक्ति को मोक्ष मिल सके।

विष्णु जी ने उन्हें वचन दिया कि जबतक काशी है और यह ब्रह्मांड है तब तक वह पंचगंगा में ही निवास करेंगे। यहां एक मंदिर बनेगा जिसका नाम तुम्हारे और मेरे नाम को मिलाकर रखा जाएगा। इसलिए इसका नाम बिंदुमाधव भी है। तभी से बिंदु माधव नाम से यह तीर्थ जाना जाने लगा।

एक अन्य मान्यता यह कहती है कि, बिंदु ऋषि नेपाल में गण्डकी नदी के किनारे तपस्या कर रहे थे। तभी वहां पर विष्णु जी प्रकट हुए और ऋषि को आदेश दिया कि काशी में मेरे नाम का एक मंदिर निर्माण कराओ जिसमें गण्डकी नदी की मिट्टी से मेरी प्रतिमा स्थापित की जाए।

काशी का बिंदु माधव मंदिर क्यों हैं खास?
काशी में स्थित बिंदु माधव मंदिर करीब 1000 साल पुराना बताया जाता है। इस मंदिर में भगवान विष्णु का विग्रह है जहां सनातन धर्म को मानने वाले लोग नित्य पूजन-अर्चन, राग-भोग व आरती करते हैं। इसका उल्लेख काशी खंड में भी मिलता है।

हिंदू शास्त्रों के मुताबिक, भगवान विष्णु ने भगवान शिव के अनुरोध को स्वीकार कर लिया और उन्हें दान में काशी दे दी। इसलिए, काशी को मणिकर्णिका घाट और आदिकेशव घाट के बीच विष्णु काशी और मणिकर्णिका घाट से अस्सी घाट तक शिव काशी कहा जाता है। मान्यता है कि जो भी भक्त दोपहर 12 बजे इस कुंड में स्नान करता है, वह पुनर्जन्म और मृत्यु के बंधन से मुक्त हो जाता है।

बिंदु माधव मंदिर और कार्तिक का महीना
अक्तूबर से नवंबर यानी कार्तिक का पवित्र महीना बिंदु माधव मंदिर में बेहद धूमधाम और भक्ति के साथ मनाया जाता है। मान्यता है कि कार्तिक माह के दौरान व्यक्ति को भगवान बिंदु माधव की पूजा करनी चाहिए और सूर्योदय से पहले और सूर्यास्त के बाद ब्रह्म-मुहूर्त के दौरान पंच-गंगा घाट में डुबकी लगाते हुए भगवान को दीप अर्पित करना चाहिए। माना जाता है कि जो भी भक्त ऐसा करता है, उसे जन्म और मृत्यु के चक्र से मुक्ति मिल जाती है।

भगवान विष्णु के निवास वैकुंठ का वह वासी हो जाता है। कार्तिक महीना के दौरान सुबह 4 बजे मंगला आरती होती है। तुलसी विवाह के बाद द्वादशी को भगवान बिंदु माधव के विग्रह को घोड़े पर बैठाया जाता है। त्रयोदशी के दिन भगवान को झूलन सेवा अर्पित की जाती है। रात के समय भगवान का वैकुंठ अभिषेक किया जाता है। पूर्णिमा के दिन दोपहर के समय हाथी की सवारी की जाती है और पंचामृत अभिषेक के बाद 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया जाता है।

Back to top button