सिर्फ नाम के आगे ‘पापा’ नहीं जुड़ता, पिता बनते ही पुरुषों में आते हैं 5 बदलाव

“बधाई हो, आप पापा बन गए हैं!” हॉस्पिटल के फ्लोर में गूंजने वाली यह एक लाइन, किसी भी पुरुष की पूरी दुनिया को पलक झपकते ही बदल देती है। जो इंसान कल तक बेफिक्र होकर अपनी मर्जी की जिंदगी जीता था, वो अचानक से एक नन्ही-सी जान का सुपरहीरो बन जाता है।

हम अक्सर मां की ममता, उसके त्याग और रातों की नींद उड़ने की बातें करते हैं, और यह लाजमी भी है। हालांकि, क्या आपने कभी सोचा है कि उस आदमी के दिल और दिमाग में क्या चल रहा होता है, जो पहली बार उस छोटे से बच्चे को अपने कांपते हाथों में उठाता है?

हर साल 19 नवंबर को मनाए जाने वाले ‘इंटरनेशनल मेन्स डे’ के मौके पर, आइए उन 5 बड़े बदलावों की बात करते हैं जो पिता बनते ही एक आदमी की जिंदगी में खामोशी से दस्तक देते हैं।

‘मैं’ की जगह ‘हम’ ले लेता है
पिता बनने से पहले एक पुरुष अपनी मर्जी का मालिक होता है। वीकेंड पर दोस्तों के साथ घूमना, गैजेट्स खरीदना या मनमर्जी के काम करना उसकी रूटीन का हिस्सा होता है, लेकिन पिता बनते ही उसकी प्राथमिकताएं पूरी तरह बदल जाती हैं। अब उसकी दुनिया उस नन्हे से बच्चे के इर्द-गिर्द घूमने लगती है। वह अपने शौक भूलकर बच्चे की खुशी में ही अपनी खुशी ढूंढने लगता है।

सख्त दिखने वाला इंसान हो जाता है नरम
हमारे समाज में अक्सर लड़कों को बचपन से ही सिखाया जाता है कि “लड़के रोते नहीं” या उन्हें हमेशा मजबूत दिखना है, लेकिन जब एक आदमी अपने बच्चे को पहली बार गोद में उठाता है, तो उसके अंदर का सारा सख्तपन पिघल जाता है। वह अचानक ज्यादा भावुक और संवेदनशील हो जाता है। बच्चे को हल्की-सी खरोंच आने पर भी वह अंदर तक घबरा जाता है, भले ही वह बाहर से यह जाहिर न करे।

आर्थिक दबाव का अहसास
पिता बनने का सबसे बड़ा और साइलेंट प्रेशर होता है- आर्थिक जिम्मेदारी। जैसे ही बच्चा पैदा होता है, एक पुरुष के दिमाग में बच्चे की पढ़ाई, उसकी सेहत और एक सुरक्षित भविष्य की प्लानिंग चलने लगती है। अब वह अपनी महंगी घड़ी या नए फोन के बारे में सोचने से पहले बच्चे के लिए एक अच्छी सेविंग पॉलिसी के बारे में सोचता है। यह एक ऐसा दबाव है जिसे वह मुस्कुराते हुए खुद ही उठाता है।

पति-पत्नी का रिश्ता बन जाता है एक टीम
बच्चा होने के बाद पति-पत्नी के रिश्ते में एक बहुत बड़ा बदलाव आता है। जो कपल पहले हर वीकेंड डेट पर जाते थे, वो अब रात-रात भर जागकर बच्चे की देखभाल करते हैं। रोमांस की जगह अब जिम्मेदारियां ले लेती हैं। एक अच्छा पिता सिर्फ पैसे ही नहीं कमाता, बल्कि रात को उठकर डायपर भी बदलता है। अब वे सिर्फ हसबैंड-वाइफ नहीं, बल्कि एक टीम की तरह काम करने लगते हैं।

मन के अंदर छिपे डर और घबराहट
“क्या मैं एक अच्छा पिता बन पाऊंगा?”, “क्या मैं अपने बच्चे को वो सब दे पाऊंगा जिसका वह हकदार है?” -ये कुछ ऐसे सवाल हैं जो हर नए पिता को अंदर ही अंदर डराते हैं। एक मां अपने डर को शायद दूसरों के साथ बांट भी ले, लेकिन एक पिता अक्सर अपनी घबराहट और अपने इस डर को अपने तक ही सीमित रखता है। वह बिना थके हर दिन बस खुद को बेहतर साबित करने की कोशिश में लगा रहता है।

पिता बनना आसान नहीं है। यह एक ऐसी जिम्मेदारी है जिसमें छुट्टियां नहीं होतीं और न ही कोई सैलरी मिलती है, बल्कि सिर्फ बेशर्त प्यार होता है।

Back to top button