अजमेर में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित ट्रेलर ने कार को कुचला ने कार को कुचला

राजस्थान के अजमेर जिले में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा किशनगढ़ स्थित जयपुर रोड हाईवे पर नसीराबाद पुलिया के पास हुआ, जहां एक अनियंत्रित ट्रेलर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
टक्कर के बाद कार के उड़ गए परखच्चे
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में तीन युवक सवार थे। नसीराबाद पुलिया के समीप पहुंचते ही एक अनियंत्रित ट्रेलर ने कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही किशनगढ़ शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
दो युवकों ने तोड़ा दम
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। दोनों मृतक झुंझुनू जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
घायल युवक अजमेर रेफर
हादसे में घायल तीसरे युवक अविनाश की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए अजमेर के जवाहरलाल नेहरू (जेएलएन) अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
हाईवे पर लगा जाम, पुलिस जांच में जुटी
दुर्घटना के बाद जयपुर रोड हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रेलर और कार को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। किशनगढ़ शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ट्रेलर के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और ट्रेलर चालक की भूमिका भी खंगाली जा रही है।





