भीषण गर्मी और लू से तप रहा राजस्थान

राजस्थान में अगले 24 घंटे भी भीषण गर्मी और हीटवेव का असर रहेगा। 27 मई देर शाम से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने पर जयपुर समेत उत्तर-पूर्वी जिलों में धूलभरी आंधी, हल्की बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है।
नौतपा के पहले दिन राजस्थान भीषण गर्मी और लू की चपेट में रहा। सोमवार को जयपुर, कोटा, श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर समेत कई जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। अगले 24 घंटे तक गर्मी और हीटवेव का असर जारी रहेगा, जबकि 27 मई की देर शाम से उत्तर-पूर्वी राजस्थान में मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी राजस्थान में अगले दो दिन तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। हालांकि उत्तर-पूर्वी जिलों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है।
मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से 28 मई से राज्य के कुछ हिस्सों में धूलभरी आंधी, हल्की बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि हो सकती है। विभाग ने 16 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं मंगलवार को 19 जिलों में हीटवेव को लेकर ऑरेंज और यलो अलर्ट है।
पिछले 24 घंटे में कोटा प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा चित्तौड़गढ़ और श्रीगंगानगर में 45 डिग्री, पिलानी में 44.5, अलवर में 44.4, जैसलमेर में 44.3 और बीकानेर में 44.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। जैसलमेर, फलोदी और बीकानेर क्षेत्र में दिन के समय सीवियर हीटवेव की स्थिति रही।
जयपुर में सबसे गर्म दिन
राजधानी जयपुर में भी गर्मी ने नए रिकॉर्ड बनाए। यहां अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो बाड़मेर और जोधपुर से भी अधिक रहा। रात में न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री दर्ज होने से लोगों को गर्म रात का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग का अनुमान है कि जयपुर और आसपास के इलाकों में 28 मई से आंधी और हल्की बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं।
हनुमानगढ़-अलवर में सबसे गर्म रात
दिन के साथ अब रात में भी हीट वेव्स चल रही हैं। बीते 24 घंटों के दौरान हनुमानगढ़ और अलवर में गर्म रात का असर बना रहा, जहां न्यूनतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। कोटा, चित्तौड़गढ़, बीकानेर, चूरू और झुंझुनूं समेत कई जिलों में देर रात तक गर्म हवाएं चलती रहीं।





