प्रदेश में रिमझिम बारिश का दौर जारी, अगले 24 घंटे ऐसा ही रहेगा मौसम

भोपाल। राज्य में बुधवार की सुबह से बादल छाए हुए हैं, जिससे मौसम सुहावना है। बारिश का दौर बने रहने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आगामी 24 घंटों में राज्य के बड़े हिस्सों में बौछारें पड़ सकती हैं तो रीवा संभाग के अलावा रतलाम, झाबुआ व अलीराजपुर में भारी बारिश होने की संभावना है।
राज्य में बादल छाने से गर्मी का असर कम है। बुधवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री, इंदौर का 21.4 डिग्री, ग्वालियर का 24.3 डिग्री और जबलपुर का 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोपाल का मंगलवार को अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री, इंदौर का 23.5 डिग्री, ग्वालियर का 31.5 डिग्री और जबलपुर का 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
-झमाझम बारिश के कारण माही, अनास, नेगडी, पंम्पावती, पदमावती, सुनार, लाडकी, नौगावां आदि नदियां उफान पर बह रही है। कई ग्रामीण क्षेत्रों में पुलियाओं और रपटों पर नदी नालों का पानी आ जाने से ग्रामीण क्षेत्रों का सड़क संपर्क टूट गया है। इसी अंचल में आने वाले अलीराजपुर जिले में पिछले तीन दिनों से हल्की बारिश का दौर जारी है।
-प्रदेश के दक्षिणी हिस्से में आने वाले बैतूल जिले में कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई। यहां कई स्थानों पर धूप निकली तो कई स्थानों पर बदली छाई रही। बुरहानपुर जिले में कुछ देर के लिए बूंदाबूदी हुई। यही स्थिति देवास जिले में भी बनी रही। राज्य के महाकौशल अंचल में आने वाले छिंदवाड़ा जिले में बादल छाये रहे। भिंड, हरदा और पन्ना जिले में बादलों का आवाजाही बनी रही।
-राज्य के ग्वालियर और हरदा जिले में धूप और बादल का आना जाना बना रहा। इंदौर जिले में हल्की बारिश होने की खबर है। साथ ही खंडवा जिले में सुबह से फुहार पड़ रहे है। पन्ना और रायसेन जिले में भी दोपहर से रिमझिम बरसात होती रही।
-स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों ने बताया कि प्रदेश के उत्तर-पूर्वी हिस्से में आने वाले रीवा संभाग के जिलों के अलावा पश्चिमी हिस्से में आने वाले झाबुआ, रतलाम और अलीराजपुर जिले में अगले 24 घंटों के दौरान मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है।
-वैज्ञानिकों ने बताया कि राज्य के रीवा, इंदौर और उज्जैन संभाग के जिलों के अलावा पन्ना, कटनी, उमरिया और शहडोल जिले में अधिकांश स्थानों पर वर्षा अथवा गरज चमक की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा होशंगाबाद और जबलपुर संभाग के जिलों के अलावा राजगढ़, भोपाल, सीहोर, गुना, छतरपुर, दमोह, अनूपपुर और डिंडोरी जिले में भी अनेक स्थानों पर वर्षा अथवा गरज चमक के साथ बौछारें पड़ सकती है।
-मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान शहडोल, जबलपुर, उज्जैन, इंदौर और भोपाल संभाग के जिलों में मानसून की सक्रियता की वजह से अधिकांश स्थानों पर बारिश हुई। होशंगाबाद संभाग के जिलों में अनेक स्थानों पर वर्षा हुई। रीवा और सागर संभाग के जिलों में कुछ स्थानों पर पानी गिरा। शेष संभाग के जिलों में कहीं-कहीं बारिश हुई।
-राज्य के बागली में 5 सेमी, कोतमा, सिंगरौली, जोवट और झाबुआ में 3, जैतहरी, नीमच, भाभरा, पेटलावद, रतलाम, बुरहानपुर, देपालपुर और अटनेर में 2 सेमी वर्षा दर्ज की गई। प्रदेश की राजधानी भोपाल में और इसके आसपास कुछ स्थानों पर सुबह में मामूली बारिश हुई। इसके बाद आसमान में घने बादल छाये रहे। यहां अगले 24 घंटों के दौरान शहर और इसके आसपास इलाकों में वर्षा या गरज चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।





