चेहरे पर वेट वाइप्स रगड़ने वाले हो जाओ सावधान!

वेट वाइप्स को मेकअप हटाने और चेहरे की सफाई के लिए बहुत आसान-सा एक विकल्प माना जाता है। यही नहीं, गर्मी में बाहर की धूल-मिट्टी या फिर पसीने की चिपचिपाहट साफ करने के लिए इसका इस्तेमाल करते हैं। बगैर ये समझे कि बाद में ये चेहरे को और रूखा-बेजान बना देते हैं।

जी हां, वेट वाइप्स में मौजूद केमिकल्स, खुशबू और अल्कोहल आपके चेहरे के लिए नुकसानदायक साबित हो सकते हैं। खासकर संवेदनशील त्वचा वालों को इसे सीमित रूप से प्रयोग करने की सलाह दी जाती है।

छीन लेते हैं चेहरे की नमी
अधिकांश वेट वाइप्स में अलग-अलग प्रकार की खुशबू और प्रिजर्वेटिव्स होते हैं। आजकल बाजार में गुलाब, लेवेंडर, पुदानी और नींबू की खुशबू वाले वाइप्स उपलब्ध हैं, इन्हें लगाने से ताजगी तो आती है, लेकिन इनकी खुशबू एलर्जी पैदा कर सकती हैं। इनमें मौजूद तत्व त्वचा की प्राकृतिक नमी छीन लेते हैं, जिससे ड्राइनेस, जलन और रेडनेस बढ़ जाती है। इसके अलावा वाइप्स से त्वचा पूरी तरह से साफ नहीं होती, बल्कि त्वचा के रोमछिद्र बंद हो सकते हैं, जिससे पिंपल्स और ब्लैकहेड्स की समस्या बढ़ सकती है।

हो सकती है एलर्जी-खुजली
संवेदनशील त्वचा वालों को इसके इस्तेमाल को सीमित रखना चाहिए। बार-बार इसके प्रयोग से त्वचा लाल होकर जलने लगती है। इसमें मौजूद खुशबू से एलर्जी और खुजली आदि हो सकती है।

अपोलो स्पेक्ट्रा दिल्ली के त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप अरोड़ा कहते हैं कि गर्मी आते ही लोग त्वचा में रैशेज, खुजली और एलर्जी जैसी शिकायतें लेकर आते हैं। ऐसा नहीं है कि अन्य मौसम में ऐसा नहीं होता है, लेकिन उनसे पूछने पर पता चलता है कि गर्मी में ऐसा ज्यादा हो रहा है क्योंकि वे इन दिनों दिन में कई बार वेट वाइप्स का इस्तेमाल करते हैं। जिसकी वजह से चेहरे पर खिंचाव सा लगने लगता है। ये समस्याएं एक रात में नहीं आती हैं, बल्कि रोजाना इस्तेमाल करते-करते बढ़ती जाती हैं।

दरअसल, ये वाइप्स तुरंत ठंडक देने का काम तो करते हैं लेकिन इनमें मौजूद मिथाइलिसोथियाजोलिनोन नाम का केमिकल त्वचा के लिए हानिकारक होता है। यह एक तरह का सिंथेटिक परिरक्षक और रोगाणुनाशक है, जिसका उपयोग सौंदर्य उत्पादों में किया जाता है। रोजाना ऐसे वाइप्स के इस्तेमाल से चेहरे का नेचुरल ऑयल कम होने लगता है और त्वचा की सुरक्षा परत कमजोर होने लगती है।

क्या हो सकते हैं विकल्प
विकल्प के रूप में आप इन तरीकों को अपना सकते हैं।

साफ पानी से चेहरा धोएं या फिर पानी का स्प्रे भी कर सकते हैं।
वाइप्स के बदले एलोवेरा जेल को कॉटन से चेहरे पर लगा सकते हैं।
गुलाब जल या पुदीने के पानी से चेहरा साफ करें। ये दोनों ही एंटी-इंफ्लेमेटरी होने के कारण इनमें पीएच संतुलित रहता है।
इसके अलावा आप सूती कपड़े को गीला करके चेहरा साफ कर सकते हैं।

बरतें सावधानी
कोशिश करें कि कम खुशबू वाले वाइप्स ही इस्तेमाल करें।
वेट वाइप्स को खुला न रखें।

Back to top button