राजस्थान मौसम: भट्ठी जैसे तप रहे शहर, बाड़मेर में पारा 46 पार

राजस्थान में गर्मी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। रविवार को बाड़मेर में इस सीजन का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया, जहां पारा 46 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। राज्य के कई अन्य शहरों में भी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया और अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है।
अचानक बदला मौसम
दिनभर तेज धूप और लू के बाद देर शाम मौसम ने करवट ली। अजमेर और जोधपुर समेत कई जिलों में धूलभरी आंधी चली और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हुई, जिससे लोगों को अस्थायी राहत मिली।
इन जिलों में सबसे ज्यादा गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को दिन का सबसे अधिक तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस बाड़मेर में रिकॉर्ड किया गया, जो इस सीजन का अब तक का उच्चतम स्तर है। इसके अलावा जैसलमेर में तापमान 46 डिग्री सेल्सियस, जबकि कोटा और चित्तौड़गढ़ में 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई अन्य जिलों में भी पारा 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहा।
इन इलाकों में बदला मौसम का मिजाज
रविवार शाम करीब 4 बजे के बाद जैसलमेर, बीकानेर, अजमेर, भीलवाड़ा और चित्तौड़गढ़ के आसपास अचानक बादल छा गए। तेज हवाओं के साथ कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई। मौसम के इस बदलाव से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली, हालांकि उमस बढ़ने की स्थिति भी बनी रही।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने 27 अप्रैल को राज्य के कुछ जिलों में आंधी और हल्की बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं कई क्षेत्रों में दिन और रात दोनों समय हीटवेव का असर बने रहने की चेतावनी दी गई है। साथ ही अनुमान है कि 28 से 30 अप्रैल के बीच राज्य के कई हिस्सों में आंधी-बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना के चलते हीटवेव से आंशिक राहत मिल सकती है।





