4954 एएनएम को मिला नियुक्ति पत्र, सीएम नीतीश बोले- ईमानदारी के साथ काम करें

बिहार को 4954 सहायक नर्स मिडवाइफ (एएनएम) मिल चुके हैं। आज पटना के शास्त्रीनगर स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एएनएम को नियुक्ति पत्र दिया। मुख्यमंत्री ने एएनएम विनीता कुमारी, स्वाति कुमारी और रौशनी कुमारी को नियुक्ति पत्र दिया और उन्हें बधाई दी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि सभी नवनियुक्त कर्मी पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कहां नियुक्त किया जाएगा इन्हें
कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने की। स्वास्थ्य मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह दिन बिहार के स्वास्थ्य विभाग के लिए ऐतिहासिक और अत्यंत महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और डबल इंजन की सरकार के सतत प्रयासों से आज स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार गांव-गांव तक प्रभावी रूप से हो रहा है, जिससे आमजन को बेहतर और सुलभ इलाज सुनिश्चित हो पा रहा है।

मंगल पांडेय ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत राज्य स्वास्थ्य समिति द्वारा की गई इस बड़ी नियुक्ति से स्वास्थ्य व्यवस्था को नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने बताया कि 4954 एएनएम में से 4197 को स्वास्थ्य उपकेंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में, 458 को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) में तथा 299 को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के बाद राज्य में 2250 नए स्वास्थ्य उपकेंद्र क्रियाशील हो जाएंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में पिछले एक दशक में बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था में व्यापक बदलाव आया है। आज राज्य के 14,600 से अधिक गांवों और पंचायतों में स्वास्थ्य उपकेंद्र और आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले जहां अस्पतालों में मरीजों की संख्या बहुत कम थी, वहीं अब हजारों मरीज हर महीने इलाज के लिए पहुंच रहे हैं, जो जनता के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

स्वास्थ्य सेवा की रीढ़ है एएनएम
स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी बताया कि पिछले एक वर्ष में स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुल 20,413 नियुक्तियां की गई हैं। जिनमें से 11,251 नियुक्तियां राज्य स्वास्थ्य समिति के माध्यम से एनएचएम के तहत हुई हैं। इन नियुक्तियों में एएनएम, विशेषज्ञ डॉक्टर, जनरल मेडिकल ऑफिसर, आयुष चिकित्सक और कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर शामिल हैं।

इसके अलावा विभाग द्वारा 9162 अन्य नियुक्तियां भी की गई हैं। उन्होंने कहा कि सरकार न केवल आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ कर रही है, बल्कि मानव संसाधन की कमी को भी तेजी से दूर कर रही है। उन्होंने नव नियुक्त एएनएम बहनों को शुभकामना देते हुए हुए कहा कि आप स्वास्थ्य सेवा की रीढ़ हैं और मरीजों के उपचार में आपकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

Back to top button