बिना लड़े मतलबी दोस्तों से कैसे बनाएं दूरी? इन 5 तरीकों से ‘फेक फ्रेंड्स’ को कहें अलविदा

दोस्ती जीवन का सबसे खूबसूरत हिस्सा होती है, लेकिन कभी-कभी हम ऐसे लोगों को अपना दोस्त बना लेते हैं जो केवल अपने फायदे के लिए हमारे साथ होते हैं। ये फेक फ्रेंड्स आपकी एनर्जी सोख लेते हैं और जरूरत पड़ने पर सबसे पहले गायब हो जाते हैं।
अगर आपको भी लगता है कि आपके सर्कल में कुछ ऐसे लोग हैं, तो उनसे अपनी मानसिक शांति बचाने के लिए आपको कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए। आइए जानें इस बारे में।
अपनी बाउंड्री सेट करें
फेक फ्रेंड्स अक्सर आपकी अच्छाई का फायदा उठाते हैं। वे तभी कॉल करेंगे जब उन्हें किसी मदद की जरूरत होगी। ‘ना’ कहना सीखें। अगर वे आपसे हर समय मदद की उम्मीद करते हैं लेकिन आपके काम के समय बहाने बनाते हैं, तो उनके लिए हमेशा अवेलेबल रहना बंद कर दें। जब आप उनके हर काम के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे, तो वे धीरे-धीरे खुद ही आपसे दूरी बना लेंगे, क्योंकि उनका स्वार्थ पूरा नहीं हो पाएगा।
पर्सनल जानकारी शेयर करना बंद करें
नकली दोस्तों की एक बड़ी पहचान यह है कि वे आपकी पर्सनल बातें दूसरों को बताने या आपके खिलाफ इस्तेमाल करने में माहिर होते हैं। अपने इमोशन्स, फ्यूचर प्लानिंग या व्यक्तिगत समस्याओं के बारे में उनसे बात करना बंद करें। बातचीत को केवल सामान्य विषयों तक सीमित रखें।
उनकी हरकतों का ऑब्जर्व करें, बहस नहीं
फेक फ्रेंड्स अक्सर आपको नीचा दिखाने के लिए पैसिव-अग्रेसिव कमेंट्स करते हैं या आपकी सफलता पर नकली खुशी दिखाते हैं। उनसे बहस करके अपनी एनर्जी बर्बाद न करें। बस शांति से उनके व्यवहार को नोटिस करें। जब आप जान जाते हैं कि कोई व्यक्ति नकली है, तो उनकी बातें आपको उतनी चोट नहीं पहुंचातीं।
अपनी एनर्जी को सच्चे दोस्तों पर लगाएं
अक्सर हम गलत लोगों को सुधारने या उनसे वफादारी की उम्मीद करने में इतने व्यस्त हो जाते हैं कि हम उन लोगों को भूल जाते हैं जो सच में हमारी परवाह करते हैं। अपना समय और ध्यान उन लोगों को दें जो आपके सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं। नए लोगों से मिलें और स्वस्थ रिश्ते बनाएं।
भावनात्मक रूप से खुद को अलग करें
सबसे मुश्किल लेकिन सबसे जरूरी कदम है उनसे अपनी भावनाओं को हटा लेना। उनसे उम्मीद करना छोड़ दें कि वे बदलेंगे या कभी आपके काम आएंगे। उन्हें अपने जीवन का मेन कैरेक्टर बनाने के बजाय केवल एक एक्वेंटेंस के रूप में देखें। यदि रिश्ता बहुत ज्यादा टॉक्सिक हो गया है, तो बिना किसी शोर-शराबे के चुपचाप उस दोस्ती से बाहर निकल जाएं।





