SDRF: 27.25 करोड़ के प्रोजेक्ट को मंजूरी, अब और भी आधुनिक होगी ट्रेनिंग

एसडीआरएफ मुख्यालय जौलीग्रांट में फेज-दो में करीब 27.25 करोड़ की लागत से आउटडोर ट्रेनिंग कंपोनेंट्स के अंतर्गत विभिन्न निर्माण कार्य किए जाएंगे। इसके लिए शासन से वित्तीय मंजूरी मिल चुकी है। टेंडर जारी किए जाने के बाद निर्माण कार्य शुरू किए जाएंगे।

एसडीआरएफ मुख्यालय रेस्क्यू और प्रशिक्षण दोनों की दृष्टि से महत्वपूर्ण संस्थान है। इस संस्थान में जवानों और अधिकारियों को प्रशिक्षण देकर उन्हें प्रदेश की विभिन्न पोस्टों में तैनात किया जाता है। दूसरे स्थानों से आए जवानों और आपदा मित्रों को भी इस संस्थान में प्रशिक्षण दिया जाता है। जिससे आपदा के समय रेस्क्यू में मदद मिलती है।

एसडीआरएफ परिसर में आउटडोर ट्रेनिंग कंपोनेंट्स के अंतर्गत फेज-दो में करीब आठ हेक्टेयर भूमि पर आउटडोर प्रशिक्षण से जुड़े विभिन्न कार्य किए जाएंगे। कार्य पूरा होने के बाद एसडीआरएफ और यहां आने वाले प्रशिक्षुकों को कई तरह के प्रशिक्षण देकर दक्ष बनाया जाएगा। फेज वन में मुख्यालय का निर्माण कर 9 जनवरी 2023 को एसडीआरएफ को सौंपा गया था। इसमें एडमिन ब्लॉक, ट्रेनिंग ब्लॉक, बहुउद्देशीय हॉल, गेस्ट हाउस, बैरक, स्टोर, मार्ग, ट्रेड कॉमप्लेक्स, 105 परिवारों के लिए आवास, एमटी गैरेज, ऑफिस आदि का निर्माण किया गया था।

फेज दो में ये कार्य होंगे…
स्ट्रक्चर सर्च एंड रेस्क्यू, हाई एटीट्यूट रेस्क्यू ट्रेनिंग कंपोनेंट, रोपवे रेस्क्यू, आब्सटेकल रेस्क्यू फॉर रेस्क्यू डॉग, आब्सटेकल रेस्क्यू फोर एसडीआरएफ पर्सनेल, डीप डाईविंग पूल, सरफेस वाटर सर्च एंड रेस्क्यू पूल, आउटडोर डेमोस्ट्रेशन, साइड डेवलपमेंट वर्क, प्रोक्योरमेंट ऑफ एसडीआरएफ आउटडोर ट्रेनिंग इक्यूपमेंट, इन्वायरमेंट मॉनिटरिंग

एसडीआरएफ को यू प्रीपेर योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण से जुड़े निर्माण कार्यों के लिए फेज-दो को 27 करोड़ की मंजूरी शासन से मिल चुकी है। सभी निर्माण कार्यों को करीब आठ से नौ हेक्टेयेर भूमि पर किया जाएगा। इससे एसडीआरएफ के अलावा मुख्यालय में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले प्रशिक्षुओं को और कड़ा प्रशिक्षण दिया जाएगा। -अपर्ण यदुवंशी, सेनानायक एसडीआरएफ

Back to top button