T20 World Cup 2026 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप-5 गेंदबाज

भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतकर इतिहास रच दिया। भारत ने रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 96 रन से मात देकर अपने खिताब को बरकरार रखा। टीम इंडिया ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतकर इतिहास रच दिया।
फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करके 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हुई।
भारत ने चैंपियन बनकर रिकॉर्ड्स बुक को पलटकर रख दिया। भारत पहला ऐसा देश बना, जिसने लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीता। भारत सबसे ज्यादा बार (तीन) टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने वाला देश बना। भारत टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने वाला पहला मेजबान देश बना।
चलिए ध्यान देते हैं कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप-5 गेंदबाज कौन रहे? भारतीय टीम के दो प्रमुख गेंदबाजों के बीच फाइनल मुकाबले में नंबर-1 बनने की जोरदार जंग हुई, जिसमें आखिरकार जसप्रीत बुमराह ने बाजी मारी।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप-5 गेंदबाज
1) जसप्रीत बुमराह
भारतीय टीम के प्रमुख हथियार जसप्रीत बुमराह टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे। बुमराह ने फाइनल में 4 विकेट झटके और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। बूम-बूम बुमराह ने टूर्नामेंट में 8 मैचों में 14 विकेट चटकाए। उनकी इकोनॉमी केवल 6.21 की रही, जो कि बेहद किफायती है।
2) वरुण चक्रवर्ती
भारत के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती का सितारा भी फाइनल में चमका। मिस्ट्री स्पिनर ने फाइनल में एक विकेट झटका। वरुण के लिए कुछ मुकाबले खराब बीते, लेकिन निर्णायक मुकाबले में वो वापसी करने में सफल रहे। वरुण ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में 9 मैचों में 9.26 की इकोनॉमी से 14 विकेट चटकाए।
3) शेडली वान शाल्के
अमेरिका के गेंदबाज का नाम इस लिस्ट में शामिल होना हैरानीभरी लगता है। मगर शेडली वान शाल्के के लिए टी20 वर्ल्ड कप 2026 यादगार बीता। अमेरिकी गेंदबाज ने केवल 4 मैचों में 6.81 की इकोनॉमी से 13 विकेट झटके। अमेरिका की टीम टूर्नामेंट के पहले ही राउंड में बाहर हो गई थी।
4) ब्लेसिंग मुजरबानी
जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी के लिए भी टी20 वर्ल्ड कप 2026 यादगार टूर्नामेंट रहा। मुजरबानी ने जिम्बाब्वे की सफलता में अहम भूमिका निभाई और उन्होंने 6 मैचों में 7.89 की इकोनॉमी से 13 विकेट चटकाए। जिम्बाब्वे ने अपने प्रदर्शन से टूर्नामेंट में प्रभावित किया और सुपर-8 चरण में उसका सफर समाप्त हुआ।
5) आदिल राशिद
इंग्लैंड के अनुभवी लेग स्पिनर आदिल राशिद ने टॉप-5 की लिस्ट को पूरा किया। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में आदिल राशिद ने दमदार गेंदबाजी प्रदर्शन किया और 8 मैचों में 8.15 की इकोनॉमी से 13 विकेट चटकाए। इंग्लैंड का टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सफर सेमीफाइनल में समाप्त हुआ।





