मां पूर्णागिरि मेले में उमड़ी भीड़, दूसरे दिन 9 हजार भक्तों ने किए दर्शन

मां पूर्णागिरि मेले के दूसरे दिन श्रद्धालुओं के आने का क्रम जारी था। लोगों ने सुबह से शाम तक दर्शन पूजन किया। शुक्रवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ठुलीगाड़ में मेले का शुभारंभ किया था। पूर्णागिरि मंदिर समिति के अध्यक्ष किशन तिवारी ने बताया कि पहले दिन आठ हजार श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए, जबकि दूसरे दिन शनिवार को नौ हजार के करीब श्रद्धालु पूर्णागिरि धाम पहुंचे।

मेला शुरू होने के बाद पूर्णागिरि धाम और यात्रा मार्ग का वातावरण आध्यात्मिक रंग में रंग गया है। श्रद्धालु ट्रेनों, दोपहिया व चौपहिया वाहनों के अलावा ट्रैक्टर ट्रालियों से पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुरक्षित यात्रा के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग की टीमें मुस्तैद हैं।

सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि मां पूर्णागिरि के दर्शन को आने वाले श्रद्धालुओं से किसी प्रकार की दिक्कत न हो इसके लिए व्यवस्थाओं से जुड़े सभी विभाग, मंदिर समिति, टैक्सी यूनियन, व्यापार मंडल आदि को विशेष निर्देश दिए गए हैं। जिले के अलावा अन्य जिलों से भी फोर्स पहुंच गई है।

उन्होंने बताया कि अभी और फोर्स मंगाई गई है। इधर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला पंचायत की देखरेख में ठुलीगाड़ व बूम में शौचालय संचालित किए जा रहे हैं। ककराली गेट से मुख्य मंदिर तक लाइट की व्यवस्था की गई है। मंदिर समिति के अध्यक्ष ने बताया कि मेले में होली के बाद ही श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती है।

तीन मार्च की मध्यरात्रि से पांच मार्च की रात्रि तक ब्रह्मदेव नहीं जा पाएंगे श्रद्धालु
सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि पड़ोसी देश नेपाल में पांच मार्च को चुनाव होने हैं। जिसे देखते हुए 72 घंटे पूर्व ही सीमा सील कर दी जाएगी। सीमा पर आवाही बंद होने से तीन मार्च की मध्य रात्रि से पांच मार्च मध्य रात्रि तक श्रद्धालु नेपाल के ब्रह्मदेव स्थित सिद्धबाबा के दर्शन नहीं कर पाएंगे।

Back to top button