Sanju Samson का होगा कमबैक? अभिषेक और तिलक के फ्लॉप होने के बाद कोच ने दिए बदलाव के संकेत

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली 76 रनों की करारी हार ने टीम इंडिया की टेंशन बढ़ा दी है। इस हार के साथ ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत का विजय रथ भी टूट गया है।
ये टी20 विश्व कप इतिहास में भारत की सबसे बड़ी हार रही। इस हार के बाद टीम कॉम्बिनेशन में बदलाव की चर्चा तेज हो गई है। लगातार फ्लॉप हो रहे ओपनर अभिषेक शर्मा को देखते हुए संजू सैमसन की प्लेइंग इलेवन में वापसी हो सकती है।
अभिषेक-तिलक पर दबाव
188 रनों का पीछा करते हुए भारतीय टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर-8 मैच में सिर्फ 111 रनों पर ढेर हो गई। टूर्नामेंट में भारत की सबसे बड़ी कमजोरी उसकी बल्लेबाजी रही है।
अभिषेक शर्मा, जहां पिछले 4 पारियों में 3 बार जीरो (डक) पर आउट हुए। वहीं, तिलक वर्मा टॉप ऑर्डर में कोई भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।
इतना ही नहीं, पिछले तीन मैचों में भारत ने पहले ही ओवर में विकेट गंवाया है, क्योंकि विरोधी टीमें पार्ट-टाइम ऑफ-स्पिनर्स से शुरुआत कर रही हैं।
असिस्टेंट कोच रायन टेन डेशकाटे ने क्या कहा?
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में असिस्टेंट कोच रायन टेन डेशकाटे ने माना कि शुरुआती विकेट गिरने से टीम पर दबाव बढ़ रहा है। उन्होंने कहा,
हमारे पास संजू सैमसन का ऑप्शन है। टॉप ऑर्डर में राइट-हैंड बैट्समैन होने से टैक्टिकल मदद मिलती है। हमारे पास दो रास्ते हैं या तो हम उन खिलाड़ियों पर भरोसा रखें जो पिछले 18 महीनों से अच्छा कर रहे हैं, या फिर संजू को वापस लाएं। अगले दो मैचों से पहले इस पर गंभीर चर्चा होगी।
-असिस्टेंट कोच रायन टेन डेशकाटे
क्या संजू सैमसन हैं सही ऑप्शन?
संजू को टीम में लाने की बात तो चल रही है, लेकिन उनके आंकड़े भी बहुत अच्छे नहीं हैं। 2025 से अब तक संजू ने बतौर ओपनर 12 पारियों में सिर्फ 156 रन बनाए हैं। उनका औसत महज 13 का रहा है। इन 12 मैचों में वो सिर्फ 2 बार पावरप्ले के बाद तक टिक पाए हैं।
भारत का अगला मैच जिम्बाब्वे से
भारत को अपना अगला मुकाबला 26 फरवरी को चेन्नई में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलना है। सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए टीम इंडिया को यह मैच हर हाल में जीतना होगा। अब देखना यह है कि मैनेजमेंट अभिषेक और तिलक पर भरोसा जताती है या संजू सैमसन को ‘ट्रम्प कार्ड’ की तरह इस्तेमाल किया जाता है।





