जम्मू-कश्मीर: बर्फबारी और बारिश से कश्मीर में बढ़ी न्यूनतम तापमान

कश्मीर के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी और मैदानों में बारिश से न्यूनतम तापमान बढ़ा, श्रीनगर में इस सर्दी की अब तक की सबसे गर्म रात दर्ज की गई। मौसम विभाग ने ऊपरी क्षेत्रों में मध्यम से भारी बर्फबारी और मैदानों में हल्की से मध्यम वर्षा का अनुमान जताया है।
कश्मीर के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी और मैदानों में बारिश के चलते कश्मीर में न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है। इसके तहत श्रीनगर में इस सर्दी की अब तक की सबसे गर्म रात दर्ज की गई।
स्थानीय मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार को श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से छह डिग्री अधिक है। इस दौरान कश्मीर के ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानों में बारिश हुई, जिससे ‘चिल्ले कलां’ के 40 दिनों के कठिनतम सर्दी के मौसम में लोगों को लंबे समय बाद राहत मिली।
अधिकारी ने बताया कि न्यूनतम तापमान में वृद्धि का कारण क्षेत्र में बादल छाए रहना है। वहीं, उत्तर कश्मीर का गुलमर्ग एकमात्र ऐसा मौसम स्टेशन था जहां तापमान शून्य से नीचे (-1.5 डिग्री सेल्सियस) दर्ज किया गया, जो इस समय के लिए सामान्य से 5 डिग्री अधिक है।
दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम सहित अन्य मौसम स्टेशनों में न्यूनतम तापमान 2.5 से 3.8 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग ने ऊपरी क्षेत्रों में मध्यम से भारी बर्फबारी और मैदानों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है।





