RSS की तीन दिवसीय बैठक आज से, संघ प्रमुख मोहन भागवत और नड्डा समेत 320 प्रतिनिधि होंगे शामिल

जोधपुर: आरएसएस की अखिल भारतीय समन्वय बैठक आज से शुरू होने जा रही है। बैठक में भाग लेने के लिए संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत सोमवार से जोधपुर में हैं। कल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी यहां पहुंच चुके हैं।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और उसके सहयोगी संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारियों की तीन दिवसीय अखिल भारतीय समन्वय बैठक आज से जोधपुर में आयोजित होने जा रही है। इस बैठक में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत शामिल समेत करीब 32 संगठनों से लगभग 320 प्रतिनिधि इसमें हिस्सा लेंगे। भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा बैठक में भाग लेने के लिए कल जोधपुर पहुंच चुके हैं।

आरएसएस के राष्ट्रीय प्रचार एवं मीडिया विभाग प्रमुख सुनील अंबेकर के अनुसार इस बैठक का उद्देश्य भाग लेने वाले संगठनों के बीच बेहतर सहयोग को बढ़ावा देना है, न कि प्रस्ताव पारित करना या औपचारिक निर्णय लेना। उन्होंने कहा कि यह मंच निर्णय लेने के लिए नहीं है क्योंकि प्रत्येक संगठन की अपनी कार्यकारिणी होती है।

अंबेकर ने बताया कि बैठक में सभी संगठन राष्ट्रीय एकता, सुरक्षा और सामाजिक दृष्टिकोण जैसे अहम मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करेंगे। वे अपने जमीनी अनुभवों के आधार पर देश की मौजूदा स्थिति का आकलन प्रस्तुत करेंगे और पंजाब, पश्चिम बंगाल तथा पूर्वोत्तर जैसे राज्यों से जुड़े क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार साझा करेंगे।

बैठक में पांच मुख्य विषयों पर मंथन किया जाएगा, जिनमें सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना, परिवार संस्था को मजबूत करना, पर्यावरण हितैषी जीवनशैली अपनाना, भाषा और परिधान जैसी क्षेत्रीय पहचान को मान्यता देना, आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता लाना शामिल है।

अंबेकर ने जोर देकर कहा कि संविधान अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी बात करता है। हर नागरिक से अपेक्षा है कि वह समाज का जिम्मेदार सदस्य बनकर देश की प्रगति में योगदान दे। इसके अलावा बैठक के विशेष सत्रों में क्षेत्रीय पहचान और नागरिक जागरूकता पर भी चर्चा होगी, ताकि राष्ट्र के भविष्य के लिए इनके महत्व को सामने लाया जा सके।

Back to top button