अमेरिका के लोकप्रिय जज फ्रैंक कैप्रियो का निधन, कहा जाता था सबसे दयालु न्यायाधीश

 अमेरिका के मशहूर और दुनियाभर में पसंद किए जाने वाले जज फ्रैंक कैप्रियो का 88 साल की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से कैंसर जैसी बीमारी से पीड़ित थे। उनके निधन की दुखद जानकारी उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर दी गई।

दरअसल, उनके बारे में कहा जाता रहा है कि वह कोर्टरूम में सिर्फ कानूनी किताबों से वहीं, बल्कि दिल से फैसला किया करते थे। यही कारण है कि आम लोग उन्हें प्यार करते थे और उन्हें अमेरिका का सबसे अच्छा जज माना जाता था।

88 साल की उम्र में ली आखिरी सांस

बता दें कि इंस्टाग्राम पर उनके आधिकारिक पेज पर जारी एक बयान के अनुसार, जज फ्रैंक कैप्रियो का कैंसर से लंबी और साहसी लड़ाई के बाद निधन हो गया। 88 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली। बयान में कहा गया कि अपनी करुणा, विनम्रता और लोगों की भलाई में अटूट विश्वास के लिए प्रिय, न्यायाधीश कैप्रियो ने अदालत के कक्ष और उसके बाहर अपने काम के माध्यम से लाखों लोगों के जीवन को छुआ। उनकी गर्मजोशी, हास्य और दयालुता ने उन सभी पर एक अमिट छाप छोड़ी।

बयान में कहा गया कि उन्हें न केवल एक सम्मानित न्यायाधीश के रूप में बल्कि एक समर्पित पति, पिता, दादा, परदादा और मित्र के रूप में सदैव याद किया जाएगा। उनकी विरासत उनके द्वारा प्रेरित अनगिनत दयालुतापूर्ण कार्यों में जीवित है। उनके सम्मान में हम सभी दुनिया में थोड़ी और करुणा लाने का प्रयास करें, जैसा वह किया करते थे।

2023 में रिटायर हुए थे न्यायाधीश कैप्रियो

न्यूयॉर्क पोस्ट की एक रिपोर्ट के अनुसार, न्यायाधीश कैप्रियो 1985 में जज बने थे और साल 2023 में रिटायर हुए। दिसंबर 2023 में उन्हें कैंसर की बीमारी के बारे में पता चला।

24 घंटे पहले की थीआखिरी पोस्ट

बता दें कि अपनी मृत्यु के करीब 24 घंटे पहले ही उन्होंने सोशल मीडिया पर उन्होंने एक पोस्ट शेयर की थी। इस पोस्ट में उन्होंने लोगों के प्रति उनकी प्रार्थनाओं प्यार और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। वह अस्पताल में कैंसर से जूझ रहे थे और उन्होंने कहा कि वह और उनका परिवार आभारी है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button